'मुस्लिम बच्चियों पर बोलेंगे राहुल गांधी?', सुधीर चौधरी के शो में बरसी कंगना, कृति सेनन को भी सुनाई खरी-खरी!
रक्षाबंधन से पहले आभूषण ब्रांड GIVA के एक विज्ञापन को लेकर शुरू हुआ विवाद अब कंगना रनौत (Kangana Ranaut) की प्रतिक्रिया के बाद और चर्चा में है। विज्ञापन में अभिनेत्री कृति सैनन के पहनावे को लेकर सोशल मीडिया पर सवाल उठाए गए थे। विवाद बढ़ने के बाद ब्रांड ने विज्ञापन हटा दिया। इसके बाद कृति ने महिलाओं के पहनावे और उनकी पसंद को लेकर अपनी बात रखी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी कृति के बयान को साझा करते हुए महिलाओं की पसंद और आजादी का समर्थन किया।
उन्होंने महिलाओं को अपनी पसंद के मुताबिक कपड़े पहनने के लिए ट्रोल करने का विरोध किया। अब कंगना रनौत ने इस पूरे मामले पर राहुल गांधी और कृति सैनन को लेकर अपनी राय रखी है। सुधीर चौधरी के साथ हुए एक इंटरव्यू के दौरान कंगना ने कृति सैनन के साथ-साथ राहुल गांधी को भी निशाने पर लिया। उन्होंने रक्षाबंधन की धार्मिक परंपराओं से लेकर त्योहारों से जुड़ी संस्कृति और पहनावे तक कई सवाल उठाए।

कंगना ने पूछा- रक्षाबंधन का जिक्र क्यों नहीं?
सुधीर चौधरी के साथ बातचीत में कंगना रनौत से राहुल गांधी के बयान को लेकर सवाल किया गया। राहुल गांधी ने कृति सैनन के बयान को शेयर करते हुए कहा था कि महिला क्या पहनती है, क्या करती है और कहां जाती है, यह उसकी अपनी पसंद है। उन्होंने महिलाओं को उनकी आजादी के लिए निशाना बनाने का विरोध किया था।
ये भी पढ़ें: '25 लाख में बिक गया शक्तिमान?', समय रैना के साथ मुकेश खन्ना का शॉकिंग कोलैब, वीडियो हुआ वायरल
कंगना ने राहुल गांधी के बयान पर सवाल उठाते हुए कहा, "राहुल के बयान में रक्षाबंधन शब्द क्यों नहीं है? कि रक्षाबंधन पर कोई महिला अपनी पसंद के कपड़े पहन सकती है।" कंगना के मुताबिक, रक्षाबंधन सिर्फ कपड़े पहनने का मामला नहीं है, बल्कि यह एक धार्मिक और सांस्कृतिक त्योहार है।
'कृति को कपड़े पहनने से कौन रोक रहा है?'
कंगना ने कृति सैनन के पहनावे को लेकर चल रही बहस पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि कृति को अपनी पसंद के कपड़े पहनने से रोकने वाला कोई नहीं है। कंगना ने कहा, "किसने उन्हें आज तक रोका है? किसको क्या पड़ी है कि वह क्या पहनकर आती हैं?"
उन्होंने कहा कि कृति जिस तरह की फिल्मों में दिखाई देती हैं, उनमें भी उनके पहनावे को लेकर किसी तरह की रोक नहीं है। कंगना के मुताबिक, इस पूरे मामले को रक्षाबंधन के संदर्भ में देखना जरूरी है।
'रक्षाबंधन एक धार्मिक अभिव्यक्ति है'
कंगना ने रक्षाबंधन को एक धार्मिक और सांस्कृतिक त्योहार बताते हुए कहा कि इसके अपने कुछ नियम और परंपराएं होती हैं। उन्होंने कहा, "रक्षाबंधन एक धार्मिक अभिव्यक्ति है। यह एक सभ्यता की अभिव्यक्ति है। उसमें पूजा की तरह उसके भी अपने नियम होते हैं।"
कंगना का कहना है कि किसी त्योहार की पहचान केवल कपड़ों से नहीं होती, बल्कि उससे जुड़ी परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों से भी होती है।
बुर्के को लेकर राहुल गांधी से सवाल
कंगना ने राहुल गांधी के महिलाओं की आजादी और पितृसत्ता वाले बयान पर सवाल उठाते हुए छोटी बच्चियों के बुर्का पहनने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा, "तीन-तीन साल की लड़कियां जब बुर्का पहनती हैं, तो उनको नहीं लगता कि वह कहीं न कहीं पितृसत्ता है?"
कंगना ने कहा कि इतनी छोटी बच्ची को यह तक पता नहीं होता कि बुर्का क्या होता है। उनका सवाल था कि अगर महिलाओं की पसंद और आजादी को लेकर आवाज उठाई जा रही है, तो ऐसे मामलों पर भी बात होनी चाहिए।
राहुल गांधी पर लगाया सनातन विरोधी सोच का आरोप
इसके बाद कंगना ने राहुल गांधी की विचारधारा पर भी टिप्पणी की। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की सोच सनातन धर्म के खिलाफ है। कंगना ने कहा, "उनकी एक ही पहचान है और वह है हिंदू विरोध और सनातन विरोध। उनकी और कोई धर्म नहीं है।"
उन्होंने मनु ऋषि और सनातन धर्म से जुड़े मुद्दों का जिक्र करते हुए राहुल गांधी पर सनातन धर्म को निशाना बनाने का आरोप लगाया। इसी दौरान कंगना ने राहुल गांधी की धार्मिक पहचान को लेकर भी टिप्पणी की और कहा कि वह उन्हें आधा ईसाई भी नहीं कहेंगी।
'विज्ञापन पहले से ही राजनीतिक है'
जब सुधीर चौधरी ने कृति सैनन और राहुल गांधी के बयानों को जोड़ते हुए इसे ताकतों के एक साथ आने जैसा बताया, तो कंगना ने कहा कि वह इसे राहुल गांधी की ओर से मामले को राजनीतिक बनाने के तौर पर नहीं देखतीं। कंगना ने कहा, "मुझे नहीं लगता कि राहुल गांधी ने इसे राजनीतिक बनाया है। वह विज्ञापन पहले से ही बहुत राजनीतिक है।"
उन्होंने कहा कि विवादित विज्ञापन में ही एक राजनीतिक संदेश दिखाई देता है, इसलिए केवल राहुल गांधी के बयान को इसके लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता।
कृति के त्योहार वाले बयान पर भी नाराजगी
कंगना ने कृति सैनन के उस बयान पर भी सवाल उठाया, जिसमें अभिनेत्री ने कहा था कि त्योहार सिर्फ उसके बाहरी रूप या सजावट तक सीमित नहीं होते। कंगना ने कृति के विचार को लेकर कहा, "किसी भी सभ्यता की सांस्कृतिक अभिव्यक्ति ही त्योहार है।"
उन्होंने आगे समझाया कि किसी त्योहार की सुंदरता या उसका बाहरी रूप केवल कपड़ों तक सीमित नहीं होता। इसमें व्यक्ति की सोच, संस्कृति, रहन-सहन और सामाजिक मूल्यों का भी हिस्सा होता है। कंगना ने कहा, "सौंदर्यबोध का मतलब सिर्फ कपड़े नहीं होते हैं। इसमें आपकी सोच की समझ, आपकी संस्कृति और आपके मूल्य भी शामिल होते हैं।"
कैसे शुरू हुआ GIVA का विवाद?
रक्षाबंधन के मौके पर GIVA ने कृति सैनन को लेकर एक विज्ञापन जारी किया था। विज्ञापन सामने आने के बाद अभिनेत्री के कपड़ों को लेकर सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई। कई लोगों ने विज्ञापन पर आपत्ति जताई। विवाद बढ़ने के बाद ब्रांड ने विज्ञापन हटा दिया।
इसके बाद कृति सैनन ने महिलाओं के पहनावे को लेकर सवाल उठाया और कहा कि लड़कियां क्या पहनेंगी और क्या नहीं, यह तय करने का अधिकार दूसरों को नहीं होना चाहिए। राहुल गांधी ने कृति के इसी बयान को साझा करते हुए महिलाओं की पसंद का समर्थन किया और उनके पहनावे को लेकर उन्हें निशाना बनाने का विरोध किया।
अब कंगना रनौत ने इस विवाद में अपनी राय रखते हुए रक्षाबंधन की परंपराओं, महिलाओं की पसंद, त्योहारों की संस्कृति और राहुल गांधी के बयान पर कई सवाल उठाए हैं।
ये भी पढ़ें: 'अंडरगारमेंट्स पहनकर भाई को राखी बांधेंगी?', कृति सेनन के रक्षाबंधन ऐड पर भड़कीं BJP सांसद कंगना रनौत


Click it and Unblock the Notifications
