सत्यमेव जयते 2: वाराणसी में शूटिंग के दौरान John Abraham को लगी चोट, डॉक्टरों ने कही ये बात
John Abraham Injured: बॉलीवुड स्टार जॉन अब्राहम (John Abraham) लॉकडाउन हटने के बाद से ही अपनी आने वाले फिल्म 'सत्यमेव जयते 2' पर काम कर रहे हैं। इस फिल्म की शूटिंग के चक्कर में उनका वाराणसी आना-जाना लगा रहता है। गुरुवार को फिल्म की शूटिंग के दौरान जॉन के साथ एक छोटा सा हादसा हुआ, जिसमें वो घायल हो गए। इसके बाद आनन-फानन में उनको निजी अस्पताल पहुंचाया गया।

दाहिने हाथ की हथेली में चोट
जानकारी के मुताबिक जॉन वाराणसी में गुरुवार को अपनी फिल्म की शूटिंग कर रहे थे। इसी दौरान उनके दाहिने हाथ की हथेली में चोट लग गई। जिसके बाद फिल्म के क्रू मेंबर्स ने उन्हें चितईपुर स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक अस्पताल आने के बाद उनकी हथेली का एक्स-रे हुआ, लेकिन उसमें किसी प्रकार की अंदरूनी चोट या डैमेज नहीं निकला। जिसके बाद प्राथमिक इलाज कर उनको होटल भेज दिया गया। साथ ही कुछ वक्त रेस्ट करने की सलाह दी गई।

'गुंडों की पिटाई' के वक्त हुए घायल
फिल्म की शूटिंग से जुड़े लोगों के मुताबिक गुरुवार को ही जॉन लखनऊ से बनारस पहुंचे थे। इस दौरान गंगा किनारे पंचकोट घाट पर मौजूद एक इमारत में फाइटिंग का सीन फिल्माया जाने लगा। पहले दिन की आधी शूटिंग तो सही से निपट गई थी। इसके बाद एक सीन था जहां जॉन को नेता के गुंडों को पीटना था। इसी दौरान उनका हाथ प्राचीन इमारत के दरवाजे में लगे पत्थर से टकरा गया। इसके बाद भी जॉन ने वो सीन पूरा कर लिया। वहीं जब दूसरे सीन का शॉट तैयार किया जाने लगा, तभी उनकी अंगुली में दर्द हुआ। जिसके बाद उनको अस्पताल ले जाया गया।

अस्पताल के बाहर जुटे फैन्स
जॉन अब्राहम की फिल्म 'सत्यमेव जयते' काफी हिट गई थी। वहीं दूसरी ओर वाराणसी में उनके फैन्स की संख्या भी ज्यादा है। ऐसे में उनके घायल होने की खबर तेजी से फैली और उनके फैन्स परेशान हो गए। इस दौरान चितईपुर स्थित अस्पताल के बाहर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे, लेकिन तब तक जॉन वहां से इलाज करवाकर जा चुके थे। इससे पहले जब जॉन इस फिल्म के पहले पार्ट की शूटिंग कर रहे थे, तब भी उन्हें चोट आई थी।












Click it and Unblock the Notifications