पीएम मोदी से मिली महबूबा मुफ्ती, कहा- पाकिस्तान युवाओं को उकसाना बंद करे
नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। कश्मीर घाटी में जारी हालात को लेकर उन्होंने प्रधानमंत्री के साथ चर्चा की।

पीएम मोदी से मिली जम्मू-कश्मीर की सीएम महबूबा मुफ्ती
मुलाकात के बाद महबूबा मुफ्ती ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी कश्मीर के हालात को लेकर चिंतित हैं। प्रधानमंत्री ने कश्मीर के हालात पर दुख जताया है। उन्होंने घाटी में हालात सुधारने के लिए बोल्ड स्टेप लिया है।
पीएम से मुलाकात के बाद महबूबा मुफ्ती ने कहा कि जितनी तकलीफ घाटी के हालात को लेकर हमें है उतनी ही तकलीफ उन्हें (पीएम मोदी) को भी है। घाटी में शांति बहाली हमारी सरकार का लक्ष्य है। बीजेपी-पीडीपी सरकार इस मसले पर जरूरी कदम उठाएगी।
उन्होंने पाकिस्तान पर भी निशाना साधा। महबूबा मुफ्ती ने कहा कि पाकिस्तान कश्मीर के युवाओं को बहकाना बंद करे। पाकिस्तान ने अपनी कार्रवाई से बातचीत का मौका भी गंवा दिया है।
घाटी के हालात पर बोलते हुए भावुक हुई महबूबा
इस दौरान महबूबा मुफ्ती भावुक भी हो गई। जम्मू-कश्मीर की मुख्यमंत्री ने कश्मीर के लोगों से अपील करते हुए कहा कि शांति बहाली में आप हमारी मदद करें। शांति पसंद लोगों से बात होनी चाहिए।
महबूबा मुफ्ती ने इस दौरान अलगाववादी नेताओं से अपील करते हुए कहा कि वह भी आगे आएं और घाटी में निशाना बन रहे मासूम युवाओं की जान बचाने में सहयोग करें।
महबूबा मुफ्ती ने मीडिया से भी अपील करते हुए कहा कि वह कश्मीर के हालात को सुधारने में हमारी मदद करें। उन्होंने कहा कि हमारी ओर से पाकिस्तान के साथ कई बार बातचीत की पहल हुई। लेकिन अब कश्मीर के युवाओं को जिसतरह से पाकिस्तान बहका रहा है ऐसे में उसने बातचीत का मौका गंवा दिया है।












Click it and Unblock the Notifications