झारखंड चुनाव के नतीजों पर लालू यादव ने किया ट्वीट, हेमंत सोरेन से कही ये बड़ी बात
नई दिल्ली। झारखंड विधानसभा चुनाव के फाइनल नतीजे आ चुके हैं। प्रदेश में झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेतृत्व वाले महागठबंधन ने बहुमत का आंकड़ा पार करते हुए शानदार जीत दर्ज की है। जेएमएम-कांग्रेस-आरजेडी के गठबंधन ने प्रदेश में 47 सीटें अपने नाम की हैं। उनके इस शानदार प्रदर्शन के बाद ये स्पष्ट है कि हेमंत सोरेन प्रदेश के अगले मुख्यमंत्री होंगे। महागठबंधन की जीत पर प्रतिक्रियाओं का दौर लगातार जारी है। इसी कड़ी में राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के मुखिया लालू प्रसाद यादव ने भी झारखंड की जनता को जीत के लिए धन्यवाद किया है, साथ ही जेएमएम प्रमुख हेमंत सोरेन को जीत की बधाई दी है।
Recommended Video

लालू यादव ने हेमंत सोरेन को दी बधाई
झारखंड चुनाव के नतीजे सामने आने के बाद सोमवार को राष्ट्रीय जनता दल के मुखिया लालू प्रसाद यादव ने ट्वीट किया। इस ट्वीट में उन्होंने जेएमएम प्रमुख हेमंत सोरेन को जीत की बधाई दी, साथ ही प्रदेश की आवाम का भी शुक्रिया किया। लालू यादव के ट्विटर हैंडल से किए गए ट्वीट में कहा, 'प्रिय हेमंत! अनंत शुभकामनाएं। असीम आशीष.. मनोकामना पूर्ण हुई। झारखंड की महान जनता ने सुनिश्चित कर दिया है कि अहंकार व पाखंड की राजनीति का हर जगह अवसान तय है। लगातार साझे संघर्ष के लिए कांग्रेस के साथियों का भी बहुत धन्यवाद। जोहार झारखंड'
लालू यादव ने कहा- मनोकामना पूर्ण हुई तो हेमंत सोरेन ने दिया ये जवाब
लालू प्रसाद यादव के इस ट्वीट पर जेएमएम चीफ हेमंत सोरेन ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लालू यादव के इस ट्वीट को रीट्वीट करते हुए उनका धन्यवाद किया और आभार जताया। हेमंत सोरेन ने लिखा, 'बहुत बहुत धन्यवाद आदरणीय लालू प्रसाद यादव जी। आप के मार्गदर्शन का सदैव आभारी रहूंगा।' बता दें कि झारखंड में जेएमएम-कांग्रेस के साथ आरजेडी भी सहयोगी की भूमिका में गठबंधन का हिस्सा है। आरजेडी ने विधानसभा चुनाव में सात सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे, जिसमें से उन्हें एक सीट पर जीत मिली है।

झारखंड में महागठबंधन की जीत पर पीएम मोदी ने कही ये बात
झारखंड विधानसभा चुनाव में झामुमो, कांग्रेस और आरजेडी गठबंधन की जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बधाई दी है। पीएम मोदी ने ट्वीट कर हेमंत सोरेन को बधाई दी, साथ ही भाजपा कार्यकर्ताओं और प्रदेश की जनता का भी धन्यवाद किया है। पीएम मोदी ने ट्वीट किया, 'हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाले जेएमएम गठबंधन तो जीत के लिए बधाई। राज्य की सेवा के लिए उन्हें शुभकामनाएं।' उन्होंने एक और ट्वीट में कहा, 'मैं झारखंड की जनता को भी धन्यवाद देता हूं। राज्य ने कई सालों तक भाजपा को राज्य की सेवा करने का अवसर दिया। भाजपा के कार्यकर्ताओं और उनके प्रयासों की भी सराहना करता हूं। हम आने वाले समय में राज्य के लोगों के मुद्दों को उठाते रहेंगे।'
इसे भी पढ़ें:- देश के एक और राज्य से कम हुआ भगवा रंग, जानिए कितने राज्यों में बची भाजपा सरकार












Click it and Unblock the Notifications