झारखंड: इंडिया टुडे के ए्क्जिट पोल में भाजपा को भारी नुकसान, राज्य में गठबंधन की सरकार
नई दिल्ली। इंडिया टुडे और एक्सिस माय इंडिया के एक्जिट पोल में झारखंड में भाजपा की हार और गठबंधन की जीत की बात कही गई है। इस एक्जिट पोल के मुताबिक, राज्य की 81 विधानसभा सीटों में से झामुमो-कांग्रेस-राजद गठबंधन को 38 से 50 सीटें मिल रही हैं और वो सरकार बना रहे हैं। भाजपा को 22 से 32 सीटें, आजसू को 3-5, जेवीएम को 2-4 और अन्य को 4-7 सीटें मिल रही हैं।

हेमंत हो सकते हैं सीएम
एक्जिट पोल में सबसे ज्यादा 29 फीसदी लोगों ने हेमंत सोरेन को सीएम पद के लिए पसंद किया है। मौजूदा सीएम रघुबर दास को 26 फीसदी और बाबू लाल मरांडी को 10 फीसदी लोग सीएम के तौर पर देखना चाहते हैं।
गठबंधन में झामुमो को 24-28, कांग्रेस को 12-18 और राजद को 2 -4 सीटें मिल रही हैं। झामुमो के सबसे बड़ा दल होने की स्थिति में हेमंत सोरेन के सीएम बनने का रास्ता साफ होता दिख रहा है।

झारखंड में किसको कितना मत प्रतिशत
मत प्रतिशत की बात की जाए तो भाजपा को 34 फीसदी, झामुमो-कांग्रेस-राजद गठबंधन को 37 फीसदी, आजसू को 9 फीसदी, जेवीएम को 6 फीसदी और अन्य को 14 फीसदी वोट मिले हैं।
झारखंड की 81 विधानसभा सीटों पर आज (20 दिसंबर) को मतदान खत्म हो गया है। आज आखिरी चरण में 16 सीटों पर वोट डाले गए। चुनाव में मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस-राजद-झामुमो गठबंधन के बीच है। मतदान खत्म होने के बाद इंडिया टुडे और एक्सिस माय इंडिया ने ओपिनियन पोल जारी किया है। बता दें कि झारखंड में अभी भाजपा की सरकार है।

पांच चरणों में हुआ मतदान
झारखंड विधानसभा चुनाव 30 नवंबर को शुरू हुआ था। दूसरे चरण में 20 सीटों पर 7 दिसंबर को, तीसरे चरण में 17 सीटों पर 12 दिसंबर, चौथे चरण में 15 सीटों पर 16 दिसंबर को और आखिरी चरण में 20 दिसंबर को 16 सीटों पर वोट डाले गए हैं। 23 दिसंबर को नतीजों का ऐलान होगा।












Click it and Unblock the Notifications