मोदी, आडवाणी के कलयुगी बेटे हैं: जदयू
पटना। भाजपा के साथ अपना गठबंधन समाप्त करने वाले दल जदयू ने बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। जदयू के राज्य सभा सदस्य शिवानंद तिवारी ने 'सुशील मोदी को आडवाणी का कलयुगी बेटा करार दिया है, जो कि माता पिता को बेइज्जत करता है। उन्होने कहा कि भाजपा नेताओं को यह नहीं भूलना चाहिए कि आडवाणी के नेतृत्व में ही भाजपा दो सीटों से 182 सीटों के आंकड़े तक पहुंची है और अब उन्हें ही पार्टी ने दरकिनार कर दिया है।
यह ध्यान देने योग्य है कि सुशील मोदी ने अपने एक बयान में कहा था कि आडवाणी जनता का मूड नहीं भाप सके। जनता चाहती है कि नरेंद्र मोदी को आगे लाया जाय लेकिन वह खुद अपनी महत्वाकांक्षा पूरी करने के लिए जिद पर अड़े हुए हैं। जदयू ने भाजपा के साथ 16 जून को अपने गठबंधन का अंत कर लिया। जदयू ने नरेंद्र मोदी को चुनाव प्रचार कमेटी का अध्यक्ष बनाये जाने का विरोध किया था।

जदयू के राज्य पार्टी प्रवक्ता संजय सिंह और राजीव रंजन प्रसाद ने सुशील मोदी को 'अवसरवादी' करार दिया है और कहा है कि वह हमेशा से ही नरेंद्र मोदी का विरोध कर रहे हैं लेकिन अब वह गुजरात के मुख्यमंत्री की तारीफ कर रहे हैं। उनके इस बयान ने राज्य कार्यकर्ताओं को भी हैरत में डाल दिया है।
भाजपा में अब आडवाणी को छोड़कर सभी नेता मोदी के पक्ष में हैं वहीं कार्यकर्ता भी मोदी को पीएम पद का उम्मीदवार घोषित किये जाने की बात कह रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications