J&K: पुलवामा में पुलिस कांस्टेबल की आतंकियों ने गोली मार की हत्या
श्रीनगर। जम्मू कश्मीर के पुलवामा में आतंकियों ने एक पुलिस हेड कांस्टेबल को गोली मार मौत के घाट उतार दिया। यह घटना अवंतिपोरा के पदजमोरा इलाके की है जहां पुलिस हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन को सोमवार शाम में गोली मार दी। हमले के बाद इलाके में सुरक्षाबलों द्वारा सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

वहीं इससे पहले जम्मू कश्मीर के तंगधार में सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों को ढेर कर दिया। मारे गए आतंकियों के पास से सुरक्षाबलों ने खतरनाक हथियार बरामद किए हैं। बता दें कि पाकिस्तान की ओर से आंतकियों को इस पार भेजने की कोशिश लगातार हो रही है। वहीं सोमवार सुबह जम्मू और कश्मीर के पुंछ स्थित केरी और दिगवार में युद्ध विराम का उल्लंघन किया। बता दें कि पाक की हरकत के चलते जहां 5 नागरिक घायल हो गए वहीं 2 बच्चों की मौत हो गई है।
इससे पहले सोमवार की ही सुबह जम्मू-कश्मीर के केरन सेक्टर में सुरक्षा बलों ने एक घुसपैठ को नाकाम किया। सेना ने इस कार्रवाई में एक आतंकी को मार गिराया है। बता दें कि सीमा पर पाक की BAT एक्शन टीम ही आतंकियों को सीमा के पास ही लॉन्चिंग पैड से घुसपैठ करने में मदद कराती है। लेकिन भारतीय सेना ने सोमवार पाक की नापाक हरकत को नाकाम कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications