पाकिस्तान की नापाक हरकत, फिर किया संघर्ष विराम का उल्लंघन, 3 बच्चों की मौत, 5 घायल
श्रीनगर। पाकिस्तान तमाम चेतावनियों के बाद भी अपनी नापाक हरकत से बाज नहीं आ रहा है। सोमवार सुबह जम्मू और कश्मीर के पुंछ स्थित केरी और दिगवार में युद्ध विराम का उल्लंघन किया। बता दें कि पाक की हरकत के चलते जहां 5 नागरिक घायल हो गए वहीं 3 बच्चों की मौत हो गई जिसमें एक 10 साल का बच्चा भी शामिल है। वहीं जम्मू-कश्मीर के केरन सेक्टर में सुरक्षा बलों ने घुसपैठ को नाकाम किया। सर्च ऑपरेशन जारी है।

इससे पहले बीएसफ ने जम्मू-कश्मीर के अरनिया सेक्टर में एक सुरंग का पता लगाया था। आशंका जताई जा रही है कि इसका इस्तेमाल पाकिस्तान की ओर से आतंकियों की घुसपैठ कराने के लिए किया जाता था। बीएसएफ ने शनिवार को इस बारे में जानकारी दी थी।

जम्मू फ्रंटियर, बीएसएफ के आईजी राम अवतार ने बताया था कि 'हमें कुछ संदिग्ध हरकतों के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद हमने पूरे क्षेत्र का मुआयना किया और हमें 13 से 14 फीट लंबा सुरंग मिला। लेकिन, इसका आखिरी छोर खुला हुआ नहीं था।' आपको बता दें कि शुक्रवार को बीएसएफ और पाकिस्तानी रेंजर्स के बीच करीब सात महीने बाद फ्लैग मीटिंग हुई थी।

दोनों पक्षों के बीच बैठक अंतर्राष्ट्रीय सीमा के सुचेतगढ़ सेक्टर में 105 मिनट तक चली। यह बैठक पाकिस्तानी रेंजर्स की मांग के बाद की गई थी।अरनिया सेक्टर में पिछले कुछ दिनों में पाकिस्तान की ओर से आतंकियों की घुसपैठ की कई कोशिशें की गई है। साथ ही पाकिस्तान लगातार इस सेक्टर से सीजफायर का उल्लंघन करता रहा है।















Click it and Unblock the Notifications