बढ़ाया जाएगा जम्मू कश्मीर के राज्यपाल एनएन वोहरा का कार्यकाल !
नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर में पीडीपी-भाजपा गठबंधन टूटने के बाद प्रदेश में राज्यपाल शासन लागू हो गया है, ऐसे में अब प्रदेश का प्रशासन राज्यपाल नरेंद्र नाथ वोहरा के हाथों में आ गया है। लेकिन यहां गौर करने वाली बात यह है कि राज्यपाल वोहरा का बतौर राज्यपाल कार्यकाल 27 जून को खत्म हो रहा है। ऐसे में माना जा रहा है कि आगामी अमरनाथ यात्रा के समाप्त होने तक एनएन वोहरा के कार्यकाल को आगे बढ़ाया जा रहा है।

26 अगस्त तक चलेगी अमरनाथ यात्रा
आपको बता दें कि एनएन वोहरा को जून 2008 में जम्मू कश्मीर का राज्यपाल बनाया गया था। अमरनाथ की धार्मिक यात्रा दक्षिण कश्मीर से शुरू होकर अमरनाथ गुफा तक चलती है जोकि 26 अगस्त को खत्म होगी। ऐसे में एनएन वोहरा के कार्यकाल को अगस्त माह तक बढ़ाया जा सकता है। सूत्रों की मानें तो इस बाबत फैसला लिया जा चुका है और 82 वर्षीय एनएन वोहरा के कार्यकाल को तीन से छह महीने तक बढ़ाया जाएगा।

घाटी का काफी अनुभव है
भाजपा के एक वरिष्ठ नेता का कहना है कि यह सही है कि जम्मू कश्मीर को नया राज्यपाल मिलेगा, लेकिन फिलहाल मौजूदा समय में वह ही सबसे बेहतर विकल्प हैं, लिहाजा उनके कार्यकाल को अमरनाथ यात्रा समाप्त होने तक बढ़ाया जाएगा। केंद्र सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है यह है कि इस बार अमरनाथ यात्रा के दौरान किसी भी तरह का आतंकी हमला ना हो। पिछले कुछ समय में जिस तरह से कश्मीर के हालात बिगड़े हैं उसे देखते हुए अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा काफी अहम है।

नए राज्यपाल के लिए प्रदेश अभी तैयार नहीं
एनएन वोहरा अमरनाथ श्राइन बोर्ड के मुखिया भी हैं और पिछले कुछ समय से इस यात्रा को सफलतापूर्वक आयोजित भी करा रहे हैं। कश्मीर के बारे में उनकी जानकारी काफी बेहतर है, लिहाजा वह यहां की सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर समझ सकते हैं। केंद्र सरकार के सूत्र का कहना है कि मौजूदा समय में जम्मू कश्मीर नए राज्यपाल के लिए तैयार नहीं है, इसके लिए हमे कम से कम 3-6 महीने का समय चाहिए। वोहरा के पास काफी अनुभव है और केंद्र सरकार कोशिश करेगीग कि उनकी मदद से बेहतर प्रशासन मुहैया कराया जाए। ऐसे में इस बात की पूरी संभावना है कि एनएन वोहरा के कार्यकाल को बढ़ाया जाएगा।
इसे भी पढ़ें- क्या है धारा 92 जिसके तहत जम्मू-कश्मीर में राष्ट्रपति की जगह लगता है राज्यपाल शासन?












Click it and Unblock the Notifications