जम्मू कश्मीर: शोपियां में सुरक्षाबलों और आतंकियों में मुठभेड़, दो आंतकी ढेर
श्रीनगर। दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ चल रही है। मुठभेड़ में दो आतंकियों को मार गिराया गया है। डीजीपी ने एसपी वैद ने बताया है कि इस एनकाउंटर में दो आतंकी मारे गए हैं, जिनके पास से बड़े तादाद में हथियार बरामद हुए हैं। इस एनकाउंटर में एक आम शहरी की भी गोली लगने से मौत हो गई जबकि दो औरतें घायल हो गईं। बुधवार को सुरक्षाबलों को यहां पर आतंकियों के होने की सूचना मिलने के बाद इलाके की घेराबंदी की गई। जिसके बाद दोनों ओर से गोलीबारी शुरू हो गई। मुठभेड़ शोपियां के डेरू इलाके के चेगंड में हो रही है। राष्ट्रीय रायफल्स और सीआरपीएफ आतंकियों का मुकाबला कर रही है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सुरक्षाबल आतंकियों को मुंहतोड़ जवाब दे रहे है।

एक तरफ कश्मीर में आतंकी हमले हो रहे हैं और दूसरी तरफ पाकिस्तान भी सीमापार से लगातार गोलीबारी कर रहा है। पाकिस्तानी सेना ने बुधवार को संघर्ष विराम का उल्लंघन कर जम्मू-कश्मीर के कृष्णा घाटी में गोलीबारी की। इस गोलीबारी में एक सैनिक बुरी तरह से घायल हो गया। सेना सूत्रों के मुताबिक घायल सैनिक जगदीश को मिलिट्री अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिसके बाद अस्पताल में ही इलाज के दौरान सैनिक की मौत हो गई। नायक जगदीश उत्तराखंड के चमौली जिले का रहने वाला था।
इससे पहले सोमवार को जम्मू कश्मीर के बारामुला में पुलिस स्टेशन पर हुए आतंकी हमले में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। आतंकियों ने पुलिस स्टेशन पर ग्रेनेड से हमला किया, जिसमें ये पुलिसकर्मी जख्मी हुआ। घाटी में सोमवार को लगातार आतंकियों ने हमले किए। बारामुला से पहले पुलवामा के लासीपोरा में गोलीबारी हुई, तो पुलवामा के ही पंपोर में दोपहर के समय खीरू चौक पर सेना के वाहन पर ग्रेनेड से हमला किया गया।












Click it and Unblock the Notifications