Jammu Kashmir Election: बीजेपी ने क्यों काटा पूर्व डिप्टी सीएम निर्मल सिंह का टिकट?
Jammu Kashmir Chunav: बीजेपी ने मंगलवार को जम्मू और कश्मीर विदानसभा चुनाव के लिए 29 उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी की है। इस लिस्ट में पार्टी ने जम्मू-कश्मीर में भाजपा के पहले उपमुख्यमंत्री डॉक्टर निर्मल सिंह का टिकट काट दिया है। जबकि, वह पार्टी के स्टार प्रचारकों में शामिल हैं।
इससे पहले बीजेपी ने सोमवार को जम्मू और कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए जो 44 उम्मीदवारों की सबसे पहली लिस्ट जारी की थी, उसको लेकर काफी विवाद हुआ था। उसमें पार्टी के दो-दो पूर्व सीएम का उनकी परंपरागत सीटों से पत्ता कट गया था। खैर पार्टी ने वह लिस्ट वापस ले ली थी। बाद में सिर्फ 15 सीटों की लिस्ट जारी हुई थी, जिसमें उन संबंधित विधानसभाओं का नाम ही नहीं था।

बिलावर से बीजेपी ने पूर्व डिप्टी सीएम निर्मल सिंह को नहीं दिया टिकट
लेकिन, मंगलवार को पार्टी ने 29 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। इनमें से कठुआ जिले की बिलावर सीट से सतीश शर्मा का नाम चौंकाने वाला है। 2014 में यहां से निर्मल सिंह जीते थे और उन्हें पीडीपी के साथ गठबंधन सरकार में डिप्टी सीएम बनाया गया था। लेकिन, पार्टी ने सोमवार के बवाल के बावजूद उन्हें टिकट नहीं दिया है।
2014 में बिलावर सीट पर निर्मल सिंह को 58% से अधिक वोट मिले थे
2014 में यहां से डॉ निर्मल सिंह ने कांग्रेस के डॉक्टर मनोहर लाल शर्मा को लगभग 17,000 वोटों से हराया था। भाजपा प्रत्याशी को यहां पर 58.30% वोट मिले थे। फिर भी उनका टिकट कटना उनके समर्थकों के लिए चौंकाने वाला फैसला लगता है।
पहले चरण के स्टार प्रचारकों में भी शामिल है निर्मल सिंह का नाम
हैरानी की बात है कि सोमवार को जम्मू और कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने 18 सिंतबर को होने वाले पहले चरण के चुनाव के लिए अपने 40 स्टार प्रचारकों की जो लिस्ट जारी की है, उसमें भी निर्मल सिंह का नाम शामिल है।
रविंदर रैना और कविंद्र गुप्ता की सीटों को लेकर धड़कनें तेज
वैसे कल जिस 44 कैंडिडेट वाली लिस्ट को लेकर पार्टी में भारी बवाल हुआ था और उसे तत्काल वापस ले लिया गया था, उसमें से नौशेरा से पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रविंदर रैना और गांधीनगर सीट से एक और पूर्व उपमुख्यमंत्री कविंद्र गुप्ता का भी नाम गायब था। हालांकि, मंगलवार को जारी दूसरी लिस्ट में इन दोनों सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा नहीं हुई है।
जम्मू-कश्मीर में बीजेपी के पहले डिप्टी सीएम रहे हैं निर्मल सिंह
निर्मल सिंह जम्मू-कश्मीर में बीजेपी के पहले उपमुख्यमंत्री रहे हैं। उसके बाद 2018 में जब महबूबा मुफ्ती सरकार में फेरबदल हुआ तो उनकी जगह कविंद्र गुप्ता को मौका दिया गया और डॉक्टर विधानसभा स्पीकर बनाए गए थे।
मंगलवार को जारी भाजपा की 29 उम्मीदवारों की लिस्ट इस तरह से है-
- हब्बा कदल: अशोक भट्ट
- गुलाबगढ़: अकरम चौधरी
- रियासी: कुलदीप राज दुबे
- माता वैष्णो देवी: बलदेव राज शर्मा
- कालाकोट-सुंदरबनी: ठाकुर रणधीर सिंह
- बुद्धल: चौधरी जुल्फिकार अली
- थन्नामंडी: इकबाल मलिक
- सुरनकोट: सैयद मुश्ताक अहमद बुखारी
- पुंछ हवेली: चौधरी अब्दुल गनी
- मेंढर: मुर्तजा खान
- उधमपुर पश्चिम: पवन गुप्ता
- चेनानी: बलवंत सिंह मनकोटिया
- रामनगर: सुनील भारद्वाज
- बानी: जीवन लाल
- बिलावर: सतीश शर्मा
- बसोहली: दर्शन सिंह
- जसरोटा: राजीव जसरोटिया
- हीरानगर: विजय कुमार शर्मा
- रामगढ़: देविंदर कुमार
- मनियाल सांबा: सुरजीत सिंह सलाथिया
- विजयपुर: चंद्रा प्रकाश गंगा
- सुचेतगढ़: घारू राम भगत
- आरएस पुरा-जम्मू दक्षिण: नरिंदर सिंह रैना
- जम्मू पूर्व: युद्धवीर सेठी
- नगरोटा: देविंदर सिंह राणा
- जम्मू पश्चिम: अरविंद गुप्ता
- जम्मू उत्तर: शाम लाल शर्मा
- अखनूर: मोहन लाल भगत
- छंब: राजीव शर्मा
जम्मू-कश्मीर के लिए बीजेपी ने अबतक कुल 44 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है। हो सकता है कि इस बार निर्मल सिंह को किसी दूसरी सीट से भाग्य आजमाने का मौका मिले और शायद इसी वजह से अभी पार्टी ने तीनों महत्वपूर्ण उम्मीदवारों के नामों की घोषणा नहीं की है!












Click it and Unblock the Notifications