Jammu and Kashmir: घाटी में बढ़ी आतंकियों की हलचल, कुलगाम में देर रात शुरू हुआ एनकाउंटर
नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर में एक बार फिर से आतंकियों की हलचल बढ़ रही है। एक बार फिर से कुलगाम में सेना और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई है। ANI के मुताबिक कुलगाम के यमरच क्षेत्र में बुधवार देर रात आतंकियों और सेना के बीच एनकाउंटर शुरू हो गया।

सेना को इलाके में आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद सेना और जम्मू कश्मीर पुलिस बल के जवानों ने इलाके की घेराबंदी शुरू कर दी। सेना को देख आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। एनकाउंटर वाली जगह पर पुलिस के साथ-साथ सुरक्षाबल भी मौजूद हैं। इस बात की जानकारी कश्मीर जोन पुलिस की ओर से दी गई है। मुठभेड़ के दौरान सुरक्षाबलों ने आसपास के इलाके को घेर लिया है।
कुलगाम के अलावा जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में भी सेना को संदिग्ध लोगों के छिपे होने की सूचना मिली है, जिसके बाद इलाके की घेराबंदी शुरू कर दी गई। सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान शुरू किया है। अधिकारियों ने बताया कि कुछ लोगों ने बानी तहसील के संदरून वन क्षेत्र से संदिग्ध लोगों को गुजरते हुए देखा, जिसकी सूचना मिलने पर पुलिस और सेना ने पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
आपको बता दें कि हाल ही में सेना के साथ मुठभेड़ में कश्मीर का मोस्ट वॉन्टेड आतंकी और हिज्बुल मुजाहिदीन का टॉप कमांडर रियाज नायकू मारा गया। पुलवामा में हुए एनकाउंटर में सेना के जवानों ने उसे मार गिराया।












Click it and Unblock the Notifications