Vice President: क्या नीतीश कुमार बनाए जाएंगे देश के अगले उपराष्ट्रपति? पढ़ें क्या हैं संभावनाएं?

Who will be the next Vice President (Nitish Kumar): उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए अपने पद से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे दिया है। सोमवार (21 जुलाई) को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को भेजे अपने पत्र में उन्होंने कहा कि अब वे अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता देना चाहते हैं। उनका इस्तीफा मंजूर कर लिया गया है। उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 67(ए) का उल्लेख करते हुए उपराष्ट्रपति पद छोड़ने का फैसला लिया। अगस्त 2022 में उपराष्ट्रपति का पद संभालने वाले धनखड़ का कार्यकाल 2027 तक था, लेकिन उनके इस्तीफे के बाद अब देश के दूसरे सबसे बड़े संवैधानिक पद पर नए नाम को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।

नीतीश कुमार के नाम पर अटकलें तेज

धनखड़ के इस्तीफे के बाद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का नाम तेजी से चर्चा में है। दिलचस्प बात यह है कि यह मांग नीतीश कुमार की पार्टी JDU ने नहीं, बल्कि सहयोगी पार्टी भाजपा के एक विधायक ने उठाई है। भाजपा विधायक हरिभूषण ठाकुर बछौल ने मीडिया से कहा, "नीतीश कुमार पिछले 20 वर्षों से बिहार की सेवा कर रहे हैं और उनके पास अपार प्रशासनिक अनुभव है। अब समय आ गया है कि केंद्र सरकार उन्हें देश के उपराष्ट्रपति पद की जिम्मेदारी सौंपे। अगर वो उपराष्ट्रपति बनाए जाते हैं तो इससे अच्छी बात क्या होगी।''

Who will be the next Vice President Nitish Kumar

नीतीश के उपराष्ट्रपति बनाए जाने की संभावनाओं पर क्या बोले बिहार के मंत्री प्रेम कुमार?

भाजपा विधायक की इस मांग के बाद सियासी गलियारों में हलचल मच गई है और राजनीतिक विश्लेषकों ने भी इस संभावना को गंभीरता से लेना शुरू कर दिया है। धनखड़ के इस्तीफे के बाद उपराष्ट्रपति पद की दौड़ में सीएम नीतीश कुमार के शामिल होने की अटकलों के बारे में पूछे जाने पर बिहार के मंत्री प्रेम कुमार कहते हैं, "इसका फैसला केंद्र सरकार करेगी। अगर बिहार से कोई उपराष्ट्रपति बनता है तो मुझे खुशी होगी।"

सोशल मीडिया पर भी गरमाया मुद्दा

सोशल मीडिया पर भी यह सवाल ट्रेंड कर रहा है कि क्या नीतीश कुमार देश के अगले उपराष्ट्रपति होंगे? एक यूजर ने दावा किया, "नीतीश कुमार अगले उपराष्ट्रपति बनेंगे। बिहार में भाजपा मुख्यमंत्री नियुक्त करेगी, जबकि जदयू उपमुख्यमंत्री का पद संभालेगा, जो संभवत नीतीश के बेटे निशांत को दिया जाएगा।"

हालांकि, कुछ यूजर्स इस दावे से इत्तेफाक नहीं रखते। एक अन्य ने लिखा, ''नीतीश कुमार के उपराष्ट्रपति बनने की कोई संभावना नहीं है। मुझे सचमुच संदेह है कि शशि थरूर भी उपराष्ट्रपति बनेंगे।" इससे स्पष्ट है कि जनता के बीच मत बंटा हुआ है, लेकिन चर्चा जोरों पर है।

क्या नीतीश कुमार उपराष्ट्रपति बनना चाहते थे?

इस बहस के बीच साल 2022 का एक बयान फिर से चर्चा में है। जब भाजपा के वरिष्ठ नेता स्व. सुशील कुमार मोदी ने तब मीडिया से बातचीत में कहा था, "नीतीश कुमार खुद उपराष्ट्रपति बनना चाहते थे। JDU के कई नेताओं ने भाजपा से इस संबंध में संपर्क भी किया था।"

सुशील मोदी ने यह भी स्पष्ट किया था कि केंद्र में मंत्री पद के लिए RCP सिंह का नाम खुद नीतीश कुमार ने प्रस्तावित किया था। उन्होंने कहा था, "जब केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने जेडीयू से एक नाम मांगा था, तब नीतीश कुमार ने खुद RCP सिंह का नाम आगे किया था और साथ ही यह भी कहा था कि ललन सिंह को भी संतुलित रूप से संभालना होगा।"

नीतीश कुमार की उपराष्ट्रपति बनने की संभावनाएं क्या है?

नीतीश कुमार की उपराष्ट्रपति बनने की संभावनाएं कम ही लगती हैं। इन दिनों नीतीश कुमार अपने स्वास्थ्य को लेकर चर्चाओं में हैं। दक्षिणपंथी और विरोधी पार्टियों ने भी उनकी 'कमजोर स्वास्थ्य स्थिति' का जिक्र करना शुरू कर दिया है। हालांकि नीतीश या जदयू की ओर से इस पर कोई आधिकारिक बयान अभी तक सामने नहीं आया है। नीतीश के बेटे निशांत कुमार ने कहा है कि उनके पिता बिल्कुल फिट हैं।

राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLMP) प्रमुख और NDA सहयोगी उपेन्द्र कुशवाहा ने खुलकर कहा है कि नीतीश कुमार अब सरकारी और पार्टी- दोनों जिम्मेदारियों को संभालने की स्थिति में नहीं हैं। उन्होंने सुझाव दिया है कि उन्हें जल्द पार्टी अध्यक्ष पद सौंप देना चाहिए-नहीं तो चुनावों पर असर पड़ेगा।

वहीं RJD नेता तेजस्वी यादव ने कहा, "एक थके-हारे CM और रिटायर्ड अफसरों से सरकार चल रही है", जबकि AIIMS-Patna जैसी स्वास्थ्य संस्थाओं में इलाज हेतु बिस्तरों की कमी भी बुरी तरह से सामने आई है।

तथ्य यह है कि फिलहाल नीतीश कुमार की ओर से कोई स्वास्थ्य संबंधी चिकित्सीय रिपोर्ट या बयान नहीं आया है। उनकी स्थिति पर केवल बयान आधारित अनुमान लगाए जा रहे हैं।

उपराष्ट्रपति पद की राजनीति और समीकरण

भारत में उपराष्ट्रपति पद का चुनाव राष्ट्रपति चुनाव के बाद सबसे अहम संवैधानिक प्रक्रिया है। इस पद के लिए लोकसभा और राज्यसभा के सदस्य मिलकर मतदान करते हैं। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या भाजपा वास्तव में नीतीश कुमार को इस पद के लिए समर्थन देगी, खासकर तब जब बिहार में विधानसभा चुनाव होने हैं।

हालांकि, अगर यह फैसला लिया जाता है, तो यह भाजपा और जेडीयू के बीच राजनीतिक संतुलन बनाने की एक बड़ी रणनीति भी हो सकती है। इससे बिहार की सत्ता भाजपा को सौंपने का रास्ता भी साफ हो सकता है और नीतीश कुमार का 'सम्मानजनक विदाई' मॉडल भी तैयार होगा।

अभी तक नीतीश कुमार या JDU की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन जिस तरह से भाजपा विधायक ने खुद यह प्रस्ताव रखा है, उससे अटकलों को बल मिला है। अगर ऐसा होता है, तो यह बिहार और केंद्र की राजनीति में एक बड़ा मोड़ साबित हो सकता है। आने वाले दिनों में इस विषय पर स्पष्टता आएगी, लेकिन फिलहाल इतना तय है कि नीतीश कुमार एक बार फिर भारतीय राजनीति के केंद्र में हैं।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+