भारत आने से पहले कोरोना की चपेट में आए इजराइल के पीएम नफ्ताली बेनेट, दौरे पर सस्पेंस बरकरार
नई दिल्ली, 28 मार्च: इजराइल के प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट 3 अप्रैल को पहली बार भारत की यात्रा पर आने वाले हैं। इससे पहले अब खबर आ रही है कि वो कोरोना वायरस की चपेट में आ चुके हैं। इजरायली पीएम नफ्ताली बेनेट के मीडिया सलाहकार के अनुसार सोमवार को उनका कोविड-19 टेस्ट पॉजिटिव आया है। हालाांकि उनकी भारत यात्रा को लेकर अभी कोई भी जानकारी पूरी तरह से स्पष्ट नहीं हो पाई है।

दरअसल, इजरायली पीएम बेनेट का 3 से 5 अप्रैल तक भारत आने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। हालांकि अभी इसके बारे में कुछ नहीं बताया गया है कि यात्रा रद्द की जाएगी या नहीं। उनके ऑफिस से एक बयान में कहा गया कि प्रधानमंत्री अच्छा महसूस कर रहे हैं और घर से काम करना जारी रखेंगे। हालांकि, उन्होंने संक्रमित होने के बाद खुद को सेल्फ क्वारंटीन कर लिया है। ऐसे में उनके भारत दौरे पर सस्पेंस बरकरार है।
बता दें कि इजराइली पीएम नफ्ताली बेनेट की यह भारत की पहली आधिकारिक यात्रा होगी। इस दौरान दोनों देशों के बीच इनोवेशन, अर्थव्यवस्था, साइबर सुरक्षा, कृषि, रिसर्च एंड डेवलपमेंट और जलवायु परिवर्तन समेत कई जरूरी मुद्दों पर चर्चा होनी है। हालांकि उनके कोरोना संक्रमित होने के बाद भारत की यात्रा पर संकट मंडराता नजर आ रहा है, फिलहाल इसे लेकर अभी कोई ऑफिशियल बयान नहीं आया है।
आपको बता दें कि इजराइली पीएम और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहली मुलाकात पिछले अक्टूबर में ग्लासगो में संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन सम्मेलन (COP-26) में हुई थी, इस दौरान पीएम मोदी ने उनको भारत आने के लिए आमंत्रित किया था। ऐसे में पीएम बेनेट भारत में राजनयिक संबंधों की स्थापना की 30वीं सालगिरह के मौके पर भारत का दौरा करने आ रहे हैं। इससे पहले उन्होंने एक बयान जारी करते हुए बताया था कि वो भारत आने के लिए काफी उत्सुक हैं। वहीं दोनों देशों के संबंधों को आगे बढ़ाने की भी बात कही थी।












Click it and Unblock the Notifications