IRCTC करा रहा है श्रीलंका में 'श्री रामायण यात्रा', ये है टूर पैकेज
इलाहाबाद। अगर आप गर्मी में कहीं घूमने का प्लान बना रहे हैं और धार्मिक चीजों से आपको खासा लगाव है तो आपके लिए एक बढ़िया खबर है। इंडियन रेलवे कैटरिंग ऐंड टूरिज्म कॉरपोरेशन आपके लिए एक सुनहरा मौका लेकर आया है। जो आपको शानदार सफर और यादगार लम्हे देगा। जी हां, आईआरसीटीसी ने श्रीलंका के लिए श्रीरामायण यात्रा पैकेज शुरू किया है। जिससे आप इन्जॉयमेंट के साथ ढेरो शानदार लम्हे जुटा पायेंगे। यह पैकेज 12 जून से 17 जून तक का है। इसमे श्रीलंका के लिए 6 दिन और 5 रात के टूर पैकेज है। जिसके अंतर्गत बुकिंग करने वाले यात्री को आने-जाने की हवाई यात्रा, तीन सितारा होटलों में ठहरने की व्यवस्था, भ्रमण, सुबह का ब्रेकफास्ट (नाश्ता), दोपहर में लंच और रात में भारतीय भोजन यानी डिनर की सुविधा मिलेगी।

कितना है खर्च
श्रीरामायण यात्रा पैकेज में प्रति व्यक्ति 48,500 रुपए किराया है। हालांकि तीन लोगों के एक साथ जाने पर एक व्यक्ति को डिस्काउंट मिलेगा। सिंगल, डबल व ट्रिपल रूम के आधार पर हैं पैकेज बुक होंगे। यानी दो व्यक्तियों के एक साथ ठहरने पर 48,500 रुपए प्रति व्यक्ति चार्ज होगा। जबकि तीन व्यक्तियों के एक साथ ठहरने पर पैकेज का मूल्य 47,600 रुपए व एक व्यक्ति के सिंगल रूम वाले पैकेज पर 61,800 रुपए चार्ज होगा।

ये हैं पैकेज डेट
श्रीलंका के लिए श्रीरामायण यात्रा पैकेज में अगर 12 जून को आप के पास समय नहीं है तो परेशान न हो। आईआरसीटीसी ने कई और डेट भी मुकर्रर की है। जिसमे आप चाहे तो 25 अगस्त, 19 सितंबर, दो अक्तूबर, 20 नवंबर और 15 दिसंबर वाले पैकेज का चयन कर सकते हैं। इसके लिए आईआरसीटीसी की वेबसाइट www.irctc.co.in पर रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। पैकेज की बुकिंग आप पर्यटन भवन स्थित आईआरसीटीसी दफ्तर से भी करा सकते हैं। अगर आप टूर पैकेज लेते हैं तो आपका सफर नई दिल्ली से होगा। दिल्ली से आपको कोलम्बो के लिए फ्लाइट की व्यवस्था की गई है।

कहां घूमेंगे
इस पैकेज में यात्रियों को कोलंबो में मुनेश्वरम मंदिर, मुनावरी राम मंदिर, पिन्नवाला शो, पंचभुग अन्जनेयर हनुमान मंदिर, केलनियां विभीषण मंदिर और कैंडी में स्पाइस गार्डेन, रंबोडा वॉटर फाल, हनुमान मंदिर, टी गार्डेन, न्यूआरा एलिया में गायत्री पदम, सीता अम्मा मंदिर, अशोक वाटिका, ग्रेगर लेक, दिवरूम्पोला मंदिर (सीता अग्नि परीक्षा स्थल) के अलावा कोलंबो, कैंडी और न्यूआरा एलिया में भ्रमण भी कराया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications