IPL 2023: 'बीजेपी कार्यकर्ता रवींद्र जडेजा के चलते चेन्नई बना किंग', तमिलनाडु BJP चीफ अन्नामलाई का दावा
IPL 2023 Final: फाइनल मैच में रवींद्र जडेजा ने लास्ट ओवर की अंतिम दो गेंदों पर पहले छक्का और फिर चौक जड़कर CSK को जीत दिलाई। जडेजा ने 15 रनों की पारी खेली।

Ravindra Jadeja BJP worker? : सोमवार को आईपीएल 2023 का फाइनल मैच खेला गया, जिसमें CSK ने गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराकर खिताब पर कब्जा किया। चेन्नई की टीम ने पांचवी बार आईपीएल की ट्रॉफी जीती है। इस जीत के बाद चेन्नई सुपरकिंग्स के फैंस का जश्न पुरजोर तरीके से चालू है।
जीत के हीरो रहे रवींद्र जडेजा
इस जीत के हीरो रहे सीएसके के स्टार प्लेयर रवींद्र जडेजा , जिन्होंने लास्ट बॉल पर चौका जड़कर अपनी जीत को विजय दिलाई। इस ऐतिहासिक जीत के बाद मैदान पर जहां जडेजा खुशी से उछल पड़े थे वहीं कप्तान धोनी की आंखें प्रसन्नता से छलछला उठी थीं, यही नहीं दर्शक दीर्घा में अपने पति जडेजा का मैच देख रहीं पत्नी रिवाबा सोलंकी भी काफी इमोशनल हो गई थीं।
तमिलनाडु बीजेपी प्रमुख का बयान वायरल
इस जीत के बाद सोशल मीडिया पर जडेजा ही छाए हुए हैं तो वहीं दूसरी तमिलनाडु बीजेपी प्रमुख अन्नामलाई ने जडेजा को 'बीजेपी कार्यकर्ता 'कहकर एक नया प्रश्न खड़ा कर दिया है। दरअसल चेन्नई की टीम की जीत के बाद एक टीवी चैनल से बात करते हुए तमिलनाडु बीजेपी प्रमुख अन्नामलाई ने सीएसके की जीत पर खुशी जताई और पूरी टीम को बधाई दी लेकिन इसके बाद उन्होंने जो कहा वो काफी हैरत अंगेज था।
'सबसे ज्यादा प्रसन्न बीजेपी कार्यकर्ता जडेजा के खेल से हूं'
उन्होंने कहा कि 'मैं बहुत खुश हूं सीएसके की जीत से लेकिन सबसे ज्यादा प्रसन्न बीजेपी कार्यकर्ता जडेजा के शानदार खेल से हूं क्योंकि उन्होंने ही टीम को जीत दिलाई, उनका चौका ही कमाल कर गया। इसलिए ये जीत बीजेपी वर्कर जडेजा के ही नाम है।'
'शानदार प्लेयर रवींद्र जडेजा बीजेपी कार्यकर्ता हैं'
जहां अन्नामलाई ने टीवी पर ये बात कही तो वहीं दूसरी ओर तमिलनाडु बीजेपी ने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से अन्नामलाई के बयान को कोड करते हुए तमिल भाषा में ट्वीट किया था, जिसमें उन्होंने लिखा था कि 'शानदार प्लेयर रवींद्र जडेजा बीजेपी कार्यकर्ता हैं। उनकी पत्नी रिवाबा जामनगर उत्तर निर्वाचन क्षेत्र से बीजेपी विधायक हैं।'
'लेकिन हम केवल धोनी के लिए जश्न मनाते हैं'
अपने टीवी बयान पर अन्नामलाई यहीं नहीं रूके, उन्होंने आगे कहा कि 'हमें चेन्नई की टीम पर गर्व है, हमें गुजरात की टीम की जश्न मनाना चाहिए, वो अपने खेल के ही बदौलत फाइनल में पहुंचे थे लेकिन खास बात ये है कि गुजरात की टीम में तमिल प्लेयर्स का बोलबाला है। हमें 96 रन बनाने वाले तमिलियन साईं सुदर्शन के परफार्मेंस का भी जश्न मनाना चाहिए लेकिन हम केवल धोनी को ही लेकर जश्न मनाते हैं।'
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
अब अन्नामलाई के इस वीडियो क्लिप और भाजपा के इस ट्वीटर पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर तमिलियन और बीजेपी को लेकर बहस छिड़ गई है। कुछ लोग इस बात का विरोध कर रहे हैं और कह रहे हैं कि इस तरह से अन्नामलाई को बयान नहीं देना चाहिए और खेल को राजनीति और क्षेत्र से नहीं जोड़ना चाहिए। फिलहाल सोशल पर लोगों की बहस जारी है और इसी कारण तमिलनाडु बीजेपी प्रमुख ट्विटर पर प्रमुखता से छाए हुए हैं।
जडेजा ने अधिकारिक तौर पर बीजेपी ज्वाइन की?
वैसे आपको बता दें कि रविंद्र जडेजा ने अधिकारिक तौर पर बीजेपी ज्वाइन की है या नहीं ये क्लीयर नहीं है लेकिन इसमें कोई शक नहीं अपनी पत्नी रिवाबा के लिए उन्होंने जमकर चुनाव प्रचार किया था और वो इस दौरान बीजेपी की रैलियों में नजर भी आए थे।












Click it and Unblock the Notifications