INTRESTING FACT:राहुल-प्रियंका गांधी को प्रति रैली मिले औसत कितने वोट?
नई दिल्ली- दिल्ली विधानसभा चुनावों में कांग्रेस ने कोई खास जोर तो नहीं लगाया था, लेकिन फिर भी पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा ने चार विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी उम्मीदवारों के लिए वोट मांगे थे। इनमें से तो एक सीट पर प्रदेश में पार्टी के चुनाव प्रभारी कीर्ति आजाद की पत्नी पूनम आजाद भी चुनाव लड़ रही थीं। जिन सीटों पर राहुल-प्रियंका ने चुनाव प्रचार किया उनमें संगम विहार, मटिया महल, जंगपुरा और कोंडली विधानसभा की सीटें शामिल हैं। इनमें से तीन पर तो पार्टी का प्रदर्शन बहुत ही खराब रहा है।
Recommended Video

संगम विहार की सीट पार्टी के लिए हाई प्रोफाइल थी, क्योंकि यहां पार्टी के चुनाव प्रभारी कीर्ति आजाद की पत्नी पूनम आजाद चुनाव मैदान में थीं। राहुल-प्रियंका ने उनके लिए वोट भी मांगे, बड़ी रैली की, लेकिन फिर भी वो महज 2,601 वोट ही ले पाईं। इसी तरह सेंट्रल दिल्ली में मटिया महल में भी प्रियंका-राहुल ने साथ में चुनाव प्रचार किया, लेकिन कांग्रेसी उम्मीदवार मिर्जा जावेद अली सिर्फ 3,403 वोट ही अपने खाते में जुटा पाए। इसी तरह कोंडली विधानसभा क्षेत्र में राहुल ने पार्टी के दिग्गज अमरीश सिंह गौतम के लिए वोट मांगा, लेकिन वे भी सिर्फ 5,808 वोट ले पाए। हालांकि, जंगपुरा सीट के पुराने चेहरे और दिल्ली के दिग्गज कांग्रेसी तरविंदर सिंह मारवान ने अपने चेहरे के दम पर हाई कमान को ज्यादा निराश नहीं किया और वह किसी तरह से 13,548 वोट लेने में कामयाब रहे। यहां राहुल ने भी उनके लिए प्रचार किया था।
इस तरह से जिन चार सीटों पर राहुल-प्रियंका ने कांग्रेस के लिए वोट मांगे वहां कांग्रेस उम्मीदवारों को कुल 25,357 वोट मिले। मतलब, राहुल-प्रियंका ने जहां प्रचार किया, वहां पार्टी प्रत्याशियों को औसतन 6,339.25 वोट मिले।
दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों के लिए शनिवार को वोट डाले गए थे, जिसमें आम आदमी पार्टी 62 और भाजपा 8 सीटों पर जीतती नजर आ रही है। जबकि, 2015 की तरह कांग्रेस का खाता भी नहीं खुला और पार्टी को महज 4 फीसदी वोट मिलते नजर आ रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications