इंद्रपाल सिंह जिन्होंने किसान आंदोलन के टेंट में की पढ़ाई, बने यूपी के PCS अफसर
नई दिल्ली, 26 अक्टूबर। केंद्र सरकार के तीन कृषि आंदोलन के विरोध में बैठे किसानों को 11 महीने हो गए हैं और उन्हें आज भी अच्छी खबर का इंतजार है। लेकिन इन्हीं किसानों के आंदोलन के बीच से एक अच्छी खबर जरूर आई है। दिल्ली के गाजीपुर बॉर्डर के पास जमे किसानों के बीच किसानों के टेंट में रहकर पढ़ाई करने वाले एक शख्स की मेहनत रंग लाई और उन्होंने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षा पास कर अफसर बन चुके हैं।

धरनास्थल पर ही किसानों के टेंट में रहे
इंद्रपाल सिंह किसान आंदोलन के साथ जुड़े रहे और धरना स्थल पर ही किसानों के साथ टेंट में रहते लेकिन उन्होंने अपनी पढ़ाई नहीं रोकी। आंदोलन के दौरान किसानों के टेंट में रहकर ही वे अपनी पढ़ाई करते रहे और यहीं से उन्होंने यूपीपीसीएस की परीक्षा पास कर ली। इंद्रपाल आज यूपी सरकार में असिस्टेंट कमिश्नर के पद पर तैनात हैं।

आंदोलन के दौरान ही दिया इंटरव्यू
गाजियाबाद के कौशांबी इलाके के रहने वाले इंद्रपाल शुरुआती समय से ही आंदोलन स्थल पर पहुंचने वालों में रहे। वे करीब छह महीने तक आंदोलन स्थल पर रहे। इंद्रपाल सिंह एक तरफ तो किसानों के साथ आंदोलन में भी शामिल होते वहीं दूसरी समय खाली समय मिलते ही अपनी पढ़ाई में जुट जाते। यही नहीं वह समय निकालकर आंदोलन स्थल पर मौजूद बच्चों को पढ़ाते भी थे।
आंदोलन में रहते हुए ही उनका यूपीपीसीएस के मेंस में चयन हुआ और वह इंटरव्यू में शामिल हुए। यहां भी सफलता मिली और उन्हें असिस्टेंट कमिश्रन के पद पर तैनाती मिली। इसी साल जून में उन्होंने ज्वाइनिंग की।

किसानों को करेंगे जागरूक
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक किसान आंदोलन और कृषि कानूनों के बारे में इंद्रपाल का कहना है कि अब वह खुद सिस्टम का हिस्सा हैं और नौकरी ज्वाइन करने के बाद से वह कभी भी आंदोलन स्थल पर नहीं गए हैं। उन्होंने यह भी कहा है कि अब वह कृषि कानूनों का अध्ययन कर ये समझेंगे कि इससे किसानों को क्या फायदा है और क्या नुकसान। इसके बाद वह किसानों को कानूनों के बारे में जागरूक करेंगे। फिलहाल उनका दो साल का प्रोविजन पीरियड चल रहा है जिसे पूरा होने के बाद वह असिस्टेंट कमिश्नर के तौर पर कार्य करने लगेंगे।












Click it and Unblock the Notifications