MP में 2047 तक 20 लाख रोजगार का लक्ष्य, इंदौर-उज्जैन-भोपाल बनेंगे मेट्रोपॉलिटन सि

मध्य प्रदेश सरकार ने शहरी विकास कॉन्क्लेव 2.0 का अनावरण किया, जिसमें इंदौर, उज्जैन और भोपाल को नई टाउनशिप, आवास और रोजगार के अवसरों के साथ एकीकृत मेट्रो शहरों में बदलने की 2047 की रणनीति का खुलासा किया गया, जिसे महत्वपूर्ण निवेश और नीतिगत ढांचों का समर्थन प्राप्त है।

भोपाल/इंदौर, 28 अक्टूबर 2026। मध्यप्रदेश में शहरी विकास को गति देने और निवेश के नए अवसर तैयार करने के लिए इंदौर, उज्जैन और भोपाल को मेट्रोपॉलिटन सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। राज्य सरकार ने वर्ष 2047 तक इस क्षेत्र में लगभग 20 लाख रोजगार के अवसर सृजित करने, 12 से 15 नई टाउनशिप विकसित करने और 25 से 30 हजार एकड़ क्षेत्र में नियोजित शहरी विकास का लक्ष्य रखा है। इंदौर फ्यूचर सिटी में लगभग 5 हजार एकड़ में आवास, उद्योग और रोजगार आधारित विकास की योजना है।

Urban Growth Conclave 2.0 Sets Metro Plan

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 28 अक्टूबर को इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित अर्बन ग्रोथ कॉन्क्लेव 2.0 को संबोधित करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शहरों को आधुनिक, निवेश-अनुकूल, पर्यावरण-संवेदनशील और नागरिक-केंद्रित बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, शहर केवल आवासीय क्षेत्र नहीं, बल्कि उद्योग, व्यापार, निवेश और रोजगार के प्रमुख केंद्र हैं। इसलिए शहरी विकास को आधुनिक अधोसंरचना, जल सुरक्षा, किफायती आवास और बेहतर जीवन गुणवत्ता से जोड़कर भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार किया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में अब तक लगभग 12 लाख करोड़ रुपये के निवेश को धरातल पर उतारा जा चुका है। औद्योगिक कॉरिडोर, सड़क नेटवर्क, लॉजिस्टिक्स, पर्यटन, नवीकरणीय ऊर्जा, जल प्रबंधन और आधुनिक अधोसंरचना के विकास के साथ सेमीकंडक्टर जैसे तकनीकी क्षेत्रों में भी निवेश को प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कॉन्क्लेव में निवेशकों के साथ शहरी विकास और अधोसंरचना में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की गई। इससे प्रदेश में निवेश को बढ़ावा देने और ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 के लक्ष्यों को हासिल करने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत@2047 के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश निवेश, उद्योग, तकनीकी विकास और रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रयासरत है।

2047 तक 500 से 600 अरब डॉलर की क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था का लक्ष्य

कॉन्क्लेव में नीति आयोग की सिटी इकोनॉमिक रीजन पहल के तहत तैयार इंदौर इकोनॉमिक रीजन (IER)-2047 की आर्थिक योजना रिपोर्ट का विमोचन किया गया। यह रिपोर्ट इंदौर, उज्जैन, धार, देवास, रतलाम, खरगोन, खंडवा और शाजापुर सहित आठ जिलों को एकीकृत आर्थिक क्षेत्र के रूप में विकसित करने की दीर्घकालिक रूपरेखा प्रस्तुत करती है। योजना के अनुसार, क्षेत्र की वर्तमान 37.4 अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था को वर्ष 2047 तक 500 से 600 अरब डॉलर तक पहुंचाने, 12 लाख से अधिक रोजगार सृजित करने और 100 अरब डॉलर से ज्यादा का निजी निवेश आकर्षित करने का लक्ष्य रखा गया है। रिपोर्ट में उन्नत विनिर्माण, इलेक्ट्रिक वाहन उद्योग, फार्मा एवं टेक्सटाइल पार्क, अंतरराष्ट्रीय फूड प्रोसेसिंग हब, धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन सर्किट, ज्ञान एवं नवाचार केंद्र, आधुनिक परिवहन अधोसंरचना और इंदौर फ्यूचर सिटी जैसी परियोजनाएं प्रस्तावित हैं।

जल संरक्षण और किफायती आवास के लिए ड्राफ्ट नीतियां जारी

मुख्यमंत्री ने कॉन्क्लेव में शहरी विकास को व्यवस्थित और टिकाऊ बनाने के उद्देश्य से तीन नीतियों के प्रारूप जनपरामर्श के लिए प्रस्तुत किए।*मध्यप्रदेश अर्बन अफोर्डेबल हाउसिंग एंड हैबिटेट पॉलिसी-2026: शहरी क्षेत्रों में किफायती आवास की उपलब्धता बढ़ाने, किराये के आवास, इन-सीटू पुनर्विकास और शासकीय भूमि के बेहतर उपयोग को प्रोत्साहित करने पर जोर।*मध्यप्रदेश ट्रीटेड वेस्ट वॉटर रिसाइक्लिंग एंड रीयूज पॉलिसी-2026: उपचारित अपशिष्ट जल का उद्योग, निर्माण, उद्यानिकी और अन्य गैर-पेयजल जरूरतों के लिए पुनः उपयोग बढ़ाने की योजना। वर्ष 2037 तक उपचारित जल के पुनः उपयोग का लक्ष्य 50 प्रतिशत रखा गया है।*मध्यप्रदेश यूनिफाइड लैंड डेवलपमेंट एंड बिल्डिंग प्रमोशन रूल्स-2026: भूमि विकास और भवन निर्माण संबंधी नियमों को सरल एवं एकरूप बनाने और अनुमोदन प्रक्रियाओं को आसान करने का प्रस्ताव।

इन नियमों के तहत मिश्रित भूमि उपयोग, ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट, पुनर्सघनीकरण, ट्रांसफरेबल डेवलपमेंट राइट्स और हरित भवनों को भी बढ़ावा देने की योजना है। कॉन्क्लेव में भोपाल और इंदौर नगर निगम की बिजनेस रिस्पॉन्सिबिलिटी एंड सस्टेनेबिलिटी रिपोर्ट भी जारी की गई। इनमें कचरा प्रबंधन, संसाधनों के बेहतर उपयोग, नवीकरणीय ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण और शहरी प्रशासन से जुड़े प्रयासों का उल्लेख किया गया है।

₹2,013.81 करोड़ की परियोजनाओं के लिए वित्तीय समझौते

मुख्यमंत्री की उपस्थिति में शहरी अधोसंरचना, जल प्रदाय, सीवरेज और धार्मिक पर्यटन से संबंधित छह समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान किया गया। प्रमुख वित्तीय समझौते इस प्रकार हैं:*उज्जैन मंदिर सर्किट: उज्जैन विकास प्राधिकरण और इंडियन ओवरसीज बैंक के बीच 643.39 करोड़ रुपये की बैंक ऋण व्यवस्था।*इंदौर जल प्रदाय एवं सीवरेज परियोजनाएं: इंदौर नगर निगम और बैंक ऑफ इंडिया के बीच 1,320.42 करोड़ रुपये का ऋण अनुबंध।*रीवा जल प्रदाय योजना: रीवा नगर निगम और एचडीएफसी बैंक के बीच 50 करोड़ रुपये की वित्तीय व्यवस्था।

इन तीनों परियोजनाओं के लिए कुल 2,013.81 करोड़ रुपये की वित्तीय व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त, शहरी विकास में संस्थागत सहयोग और क्षमता निर्माण के लिए महाराष्ट्र इंस्टीट्यूशन फॉर ट्रांसफॉर्मेशन के साथ समझौता किया गया। खाद्य अपव्यय के वैज्ञानिक प्रसंस्करण, उपचारित जल के पुनः उपयोग और वर्षाजल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन (वेस्टर्न इंडिया) के साथ भी एमओयू किया गया। औद्योगिक उपयोग के लिए उपचारित जल की आपूर्ति और उपयोग को प्रोत्साहित करने के संबंध में औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग के साथ समझौता ज्ञापन का आदान-प्रदान हुआ।

भोपाल के पास विकसित होगी डेला रातापानी रिजर्व टाउनशिप

कॉन्क्लेव में डेला टाउनशिप्स के संस्थापक एवं अध्यक्ष जिमी मिस्त्री ने कहा कि रियल एस्टेट और आवास क्षेत्र विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने बताया कि कंपनी भोपाल के निकट रातापानी में डेला रातापानी रिजर्व टाउनशिप विकसित कर रही है। इसे आधुनिक जीवनशैली, स्वास्थ्य, वेलनेस और सतत विकास से जुड़े नवाचारों के केंद्र के रूप में तैयार करने की योजना है। इसमें अनुभव आधारित आतिथ्य सेवाओं, वैश्विक पर्यटन और साहसिक खेलों की संभावनाओं पर भी काम किया जाएगा।

मुख्यमंत्री के साथ वन-टू-वन चर्चा के दौरान भोपाल में 220 एकड़ क्षेत्र में प्रस्तावित 2,250 करोड़ रुपये की डेला रेसकोर्स परियोजना पर भी विचार-विमर्श हुआ। इसमें लग्जरी विला, ब्रांडेड रेसिडेंस, पांच सितारा वाइल्डलाइफ रिसॉर्ट तथा घुड़सवारी और पोलो की सुविधाएं विकसित करने की योजना है। राज्य सरकार के अनुसार, प्रदेश में भविष्य में 12 से 15 नई टाउनशिप विकसित करने और 25 से 30 हजार एकड़ क्षेत्र में नियोजित विकास का लक्ष्य रखा गया है।

शहरों को आर्थिक विकास का इंजन बनाने पर जोर

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि वर्ष 2047 तक देश की 50 प्रतिशत से अधिक आबादी शहरी क्षेत्रों में रह सकती है। ऐसे में भविष्य की विकास योजनाओं में शहरीकरण को केंद्र में रखना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि शहर केवल सड़क, आवास और ड्रेनेज तक सीमित नहीं हैं, बल्कि आर्थिक विकास के प्रमुख केंद्र हैं। उनके मुताबिक, इंदौर की स्वच्छता में नगर निगम और प्रशासन के साथ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी की अहम भूमिका रही है। उन्होंने इंदौर के आईटी हब के रूप में विकसित होने और शहर की समावेशी संस्कृति का भी उल्लेख किया।

जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि इंदौर प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। वहीं, सांसद शंकर लालवानी ने शहरों के दीर्घकालिक विकास की योजना और इंदौर की आर्थिक प्रगति का उल्लेख किया। अपर मुख्य सचिव नगरीय विकास एवं आवास संजय दुबे ने बताया कि मध्यप्रदेश का लक्ष्य वर्ष 2047 तक 2 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनना है। प्रदेश में 5.6 लाख किलोमीटर से अधिक सड़क नेटवर्क, 44 राष्ट्रीय राजमार्ग, 22 रेलवे जंक्शन और आठ हवाई अड्डे हैं।

उन्होंने बताया कि जबलपुर-भोपाल-इंदौर औद्योगिक कॉरिडोर और इंदौर-पिथमपुर आर्थिक कॉरिडोर में एक-एक लाख करोड़ रुपये के निवेश का लक्ष्य रखा गया है। ग्वालियर टेलीफोन मैन्युफैक्चरिंग जोन में 24 कंपनियों से 5,500 करोड़ रुपये के निवेश की प्रतिबद्धता मिली है। प्रदेश में 123 औद्योगिक पार्क विकसित हैं और 160 नए औद्योगिक पार्क विकसित करने का लक्ष्य है।

सौर ऊर्जा और वित्तीय नवाचारों पर भी चर्चा

कॉन्क्लेव के अंतर्गत आयोजित सोलर राउंड टेबल में 20 से अधिक निवेशकों ने हिस्सा लिया। बैठक में नगरीय निकायों में सौर ऊर्जा के उपयोग, बिजली खर्च कम करने और वित्तीय संसाधन जुटाने के विकल्पों पर चर्चा हुई। मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी के प्रबंध संचालक मंजीत सिंह ने बिरसिंहपुर में प्रस्तावित 200 मेगावाट की फ्लोटिंग सोलर परियोजना और बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली की जानकारी दी। लगभग 1,564 करोड़ रुपये की इस परियोजना के जरिए नगरीय निकायों को सौर ऊर्जा उपलब्ध कराने और शाम के समय दो घंटे तक बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की योजना है।

बैठक में लगभग 200 नगरीय निकायों के लिए पूल्ड म्युनिसिपल बॉन्ड के माध्यम से वित्तीय संसाधन जुटाने पर भी विचार किया गया।

इन परियोजनाओं में दिखे निवेश के अवसर

कॉन्क्लेव की अर्बन इनोवेशन गैलरी में प्रदेश की प्रमुख नगरीय परियोजनाओं को प्रदर्शित किया गया। इनमें भोपाल की टॉर्टाइज सिटी में लगभग 4,600 आवासों का पुनर्विकास, सेंट्रल विस्टा और राज्य राजधानी परिसर का आधुनिकीकरण, इंदौर में हुकुमचंद मिल भूमि का विकास तथा भोपाल के भौंरी में प्रस्तावित शिक्षा, ज्ञान एवं एआई सिटी शामिल हैं। इसके अलावा उज्जैन के 11 प्रमुख मंदिर परिसरों के विकास, चित्रकूट की एकीकृत मंदिर पर्यटन परियोजना, बिरसिंहपुर की फ्लोटिंग सोलर परियोजना, भोपाल में 21,255 ईडब्ल्यूएस आवास इकाइयों के इन-सीटू पुनर्विकास और पांच शहरों में प्रस्तावित कम्प्रेस्ड बायोगैस संयंत्रों को भी प्रदर्शित किया गया।

मुख्यमंत्री ने अर्बन इनोवेशन गैलरी का अवलोकन कर आवास, आधुनिक अधोसंरचना, शिक्षा, एआई सिटी, धार्मिक पर्यटन, स्वच्छ ऊर्जा और अपशिष्ट प्रबंधन के क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं की जानकारी ली। उन्होंने 6डी वर्चुअल रियलिटी तकनीक के माध्यम से महाकाल भस्म आरती का अनुभव भी किया। कॉन्क्लेव में मुख्यमंत्री ने विभिन्न कंपनियों और संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ वन-टू-वन चर्चा की। इसमें सौर एवं पवन ऊर्जा, फ्लोटिंग सोलर, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, स्मार्ट ट्रैफिक मैनेजमेंट, डिजिटल सार्वजनिक सेवाओं, जल एवं अपशिष्ट जल प्रबंधन, पर्यटन और आधुनिक आवासीय परियोजनाओं में निवेश की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया।

राज्य सरकार के अनुसार, अर्बन ग्रोथ कॉन्क्लेव 2.0 का उद्देश्य शहरी परियोजनाओं में निवेश, वित्तीय संस्थानों के साथ सहयोग और निजी क्षेत्र की भागीदारी को बढ़ावा देना है। इसके जरिए मध्यप्रदेश में नियोजित शहरी विकास, रोजगार सृजन और आधुनिक नागरिक सुविधाओं के विस्तार को गति देने की योजना है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+