इंदौर में जुड़वा बच्चों के नाम रखे गए नरेंद्र और मोदी

देवेंद्र और आरती कुमावत के घर में 16 मई को जुड़वा बच्चे खुशियां लेकर आए। अस्पताल में जन्मे दोनों नवजात का स्वास्थ्य बेहतर है। देश में 16 मई को ही लोकसभा चुनाव के नतीजे आए। कुमावत परिवार नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा को मिली जीत से बेहद उत्साहित था।
देवेंद्र ने बताया कि पूरे देश के साथ उन्हें भी उम्मीद है कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश प्रगति करेगा और नए आयाम स्थापित करेगा। ऐसा इसलिए, क्योंकि देश की जनता ने उन्हें अपना समर्थन दिया है।
उनके लिए 16 मई का दिन विशेष अहमियत रखता है, एक तरफ मोदी के नेतृत्व में भाजपा जीती है तो दूसरी ओर उनके घर जुड़वा बच्चों का जन्म हुआ, लिहाजा कुमावत दंपति ने अपने जुड़वा बेटों का नाम नरेंद्र और मोदी रखने का फैसला लिया।
नवजात शिशुओं की मां आरती की तो खुशी का ठिकाना ही नहीं है। वह कहती है कि नरेंद्र मोदी ने अपने परिवार का नाम रोशन किया है, वह चाहती है कि उसके बेटे भी परिवार का नाम करें। कुमावत परिवार का गुजरात से नाता है।
ऐसे में इस परिवार की खुशियां उस समय और बढ़ गर्इ जब नतीजों वाले दिन ही उनके घर में जुड़वा बच्चों का जन्म हुआ है। बच्चों का नामकरण नरेंद्र मोदी के नाम पर होने से परिवार का हर कोई उत्साहित है और अस्पताल में मिठाइयां बांटी जा रही हैं।
दोनों बच्चे और मां आरती अभी अस्पताल में हैं और तीनों स्वस्थ्य हैं। अस्पताल में पहुंच रहे कुमावत परिवार के रिश्तेदार उन्हें बधाइयां दे रहे हैं और बच्चों के नामकरण को वे एक साहसिक फैसला बता रहे हैं। देश में लोकसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत मिलने के बाद सरकार बनाने की तैयारी में जुटी भाजपा के भावी प्रधानमंत्री की लोकप्रियता का यह एक ताजा प्रमाण है।












Click it and Unblock the Notifications