'वीडियो देख मेरा दिन बन गया', Flight में परमवीर चक्र विजेता का स्वागत, जानिए कौन हैं सूबेदार मेजर संजय कुमार
Param Vir Chakra Awardee Welcome: एयरलाइंस कंपनी इंडिगो (IndiGo) ने फ्लाइट के अंदर सफर कर रहे कारगिल हीरो का इस तरह से स्वागत किया, जिसने सोशल मीडिया पर लाखों लोगों का दिल जीत लिया।
फ्लाइट के पायलट ने जिस अंदाज में परमवीर चक्र विजेता का बाकी यात्रियों से परिचय कराया, उसे देखकर आपका भी दिल खुश हो जाएगा। दरअसल, इंडिगो एयरलाइन ने हाल ही में रविवार (23 जुलाई) को अपनी फ्लाइट में परमवीर चक्र पुरस्कार विजेता सूबेदार मेजर संजय कुमार का स्वागत किया।

कारगिल हिरो इंडिगो की पुणे जाने वाली फ्लाइट में उड़ान भर रहा थे, जहां उड़ान भरने से पहले क्रू मेंबर्स ने उनका स्वागत किया। इंडिगो ने अपने ट्विटर हैंडल पर इसका एक वीडियो शेयर किया है।
इंडिगो ने शेयर किया वीडियो
वीडियो में फ्लाइट के कैप्टन एडसेल को फ्लाइट की डिटेल देते हुए देखा जा सकता है और बाद में वो परमवीर चक्र विजेता का फ्लाइट में स्वागत करते नजर आ रहे हैं। कैप्टन ने बताया कि कैसे उन्होंने दुश्मनों को धूल चटाई। इसी के साथ एयरलाइन क्रू ने उनको एक छोटा सा प्रतीक चिन्ह भी भेंट किया।
कैप्टन ने अनाउंसमेंट में कहा, "आज हमारे साथ एक बहुत ही खास व्यक्ति हैं। परमवीर चक्र विजेता सूबेदार मेजर संजय कुमार जी। जिन्हें ये बात नहीं पता उनकी जानकारी के लिए बता दें कि यह पुरस्कार क्या है। दरअसल, यह सम्मान भारतीय इतिहास में अब तक केवल 21 लोगों को दिया गया है। यह युद्ध के दौरान दिया जाने वाला सर्वोच्च वीरता पुरस्कार है।"
4 लाख से ज्यादा बार देखा गया वीडियो
IndiGo की तरफ से पोस्ट किए जाने के बाद से इस वीडियो को ट्विटर पर 4 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है। पोस्ट पर टिप्पणी करते हुए यूजर्स ने इंडिगो की वॉर हीरोज के सम्मान की जमकर तारीफ की है। एक यूजर ने लिखा, "इस भाव की सराहना करते हैं। धन्यवाद। सर, यह आपका और आपके जैसे लोगों का धन्यवाद है कि हम वह जीवन जी रहे हैं। भारतीय सशस्त्र बलों पर गर्व है।"
ऐसे में तमाम लोगों ने इंडियो की पहल की सराहा। एक और यूजर ने लिखा ये देखकर मेरा दिन बन गया। दूसरे यूजर ने कहा- गर्व की बात है। वहीं, एक अन्य यूजर ने लिखा-शुक्रिया इंडिगो, हीरो को सम्मान देने के लिए।
जानिए कौन हैं सूबेदार मेजर संजय कुमार?
आपको बता दें कि देश के सर्वोच्च वीरता सम्मान परमवीर चक्र से सम्मानित सूबेदार मेजर संजय कुमार ने जम्मू और कश्मीर राइफल्स की 13वीं बटालियन में एक युवा राइफलमैन के रूप में अपनी सर्विस शुरू की थी। 4 जुलाई, 1999 को ऑपरेशन विजय के दौरान उनको मुशकोह घाटी में प्वाइंट 4875 पर तिरंगा फहराने का काम सौंपा गया, जहां उन्होंने बड़ी ही बहादुरी के साथ दुश्मन को भगा दिया था।
लगी थी कई गोलियां, नहीं हुए हौंसले कम
आमने-सामने की इस लड़ाई में संजय कुमार ने 3 घुसपैठियों को मार गिराया था, हालांकि खुद भी लड़ाई में बुरी तरह घायल से हो गए थे। उनको कई गोलियां लगी थीं। संजय कुमार को उनके इसी शौर्य के लिए परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया। इसके अलावा संजय कुमार के नाम से अंडमान द्वीप समूह के एक द्वीप का नामकरण भी हुआ है। सूबेदार मेजर संजय कुमार नेशनल डिफेंस अकादमी पुणे में सेवाएं दे रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications