आने-जाने का टिकट साथ में बुक करें, पाएं 20% तक की छूट, त्योहारी सीजन में रेलवे का बड़ा तोहफा
Indian Railways Round Trip Package Scheme: त्योहारों और छुट्टियों के सीजन में ट्रेन यात्रियों के लिए भारतीय रेलवे ने बड़ी राहत दी है। अब यदि यात्री आने और जाने का टिकट एक साथ बुक करेंगे, तो रिटर्न जर्नी के किराए में 20% तक की छूट मिलेगी। यह सुविधा रेलवे की नई राउंड ट्रिप पैकेज स्कीम के तहत दी जा रही है, जिसे फिलहाल प्रयोगात्मक तौर पर शुरू किया गया है। इस योजना के तहत 14 अगस्त से टिकट बुकिंग की शुरुआत हो चुकी है।
रेलवे का कहना है कि यह स्कीम यात्रियों को न सिर्फ आर्थिक राहत देगी, बल्कि ट्रेनों में सीटों के बेहतर उपयोग को भी बढ़ावा देगी। फिलहाल इसे चुनिंदा रूट और ट्रेनों पर प्रयोगात्मक तौर पर लागू किया गया है, ताकि इसके प्रभाव और यात्रियों की प्रतिक्रिया का आकलन किया जा सके। योजना सफल रहने पर इसे चरणबद्ध तरीके से पूरे देश में लागू किया जाएगा।।

14 अगस्त से होगा लागू
रेलवे की 'राउंड ट्रिप पैकेज' स्कीम 14 अगस्त 2025 से लागू होगी। इसके तहत पहली यात्रा का टिकट 13 अक्टूबर 2025 से 26 अक्टूबर 2025 के बीच की तारीख के लिए बुक करना होगा। वहीं वापसी की यात्रा का टिकट 17 नवंबर 2025 से 1 दिसंबर 2025 के बीच की तारीख के लिए 'कनेक्टिंग जर्नी फीचर' के जरिए बुक किया जा सकेगा। यह छूट केवल रिटर्न टिकट के बेस किराए पर मिलेगी और टिकट एक ही यात्री के नाम पर व कन्फर्म होना जरूरी होगा।
कैसे मिलेगी छूट?
टिकट बुकिंग के दौरान 'कनेक्टिंग जर्नी फीचर' का इस्तेमाल करना जरूरी होगा, क्योंकि यही फीचर दोनों यात्राओं को लिंक कर देगा और छूट के लिए पात्र बनाएगा। ध्यान देने वाली बात यह है कि छूट सिर्फ रिटर्न टिकट के बेस किराए पर ही मिलेगी, टैक्स और अन्य शुल्क इसमें शामिल नहीं होंगे। दोनों तरफ का टिकट एक ही यात्री के नाम पर होना चाहिए और दोनों टिकट कन्फर्म होने चाहिए।
रिटर्न टिकट बुकिंग के लिए एडवांस रिजर्वेशन पीरियड लागू नहीं होगा, यानी यात्री इस अवधि के भीतर कभी भी बुकिंग कर सकते हैं। रेलवे का मानना है कि इस कदम से त्योहारों के दौरान ट्रेनों का दोनों ओर से बेहतर उपयोग होगा और यात्रियों को किफायती यात्रा का विकल्प मिलेगा।
ये भी पढ़ें Railways Tickets: यात्रीगण कृपया ध्यान दें! बढ़ सकता है रेल का किराया, महंगा होगा AC ट्रेनों का सफर?
बड़ी संख्या में स्पेशल ट्रेन भी चलाई जाएगी
त्योहारों के मौसम में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने 'राउंड ट्रिप पैकेज' स्कीम के साथ-साथ कई जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलाने की भी तैयारी कर ली है। इसका मकसद लंबी वेटिंग लिस्ट को कम करना और अधिक से अधिक यात्रियों को सीट उपलब्ध कराना है।
स्पेशल ट्रेनें उन रूट्स पर चलाई जाएंगी, जहां त्योहारों के समय सबसे ज्यादा भीड़ रहती है-जैसे उत्तर भारत से बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड और बंगाल जाने वाली ट्रेनें, और दक्षिण भारत के प्रमुख शहरों से राज्यों के भीतर या अन्य राज्यों के लिए चलने वाली ट्रेनें। इन ट्रेनों का शेड्यूल और बुकिंग की जानकारी रेलवे जल्द ही अपनी वेबसाइट और स्टेशन नोटिस बोर्ड पर जारी करेगा। रेलवे का कहना है कि इस बार यात्रियों को किफायती किराए पर ज्यादा विकल्प देने और भीड़ प्रबंधन में यह कदम अहम साबित होगा।
ये भी पढ़ें Railways News: बिहार, यूपी और ओडिशा जाने वाली कई ट्रेनें अगस्त-सितंबर में रहेगी रद्द, सफर से पहले चेक कर लें












Click it and Unblock the Notifications