इटली की प्रधानमंत्री मेलोनी ने PM मोदी को लेकर ऐसा क्या कहा, BJP को लेफ्ट और कांग्रेस को घेरने का मिल गया मौका
Indian Politics: इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की जीत को लेकर वामपंथी दलों पर जिस तरह से निशाना साधा है, बीजेपी ने उसका इस्तेमाल लेफ्ट और कांग्रेस पर निशाना साधने के लिए किया है। बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पार्टी के केरल प्रभारी प्रकाश जावड़ेकर ने रविवार को उनका एक वीडियो शेयर करके विरोधियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स'पर पीटीआई का एक वीडियो साझा करते हुए जावड़ेकर ने लिखा है,'जरूर देखें, आपको यह पसंद आएगा।' इस वीडियो में मेलोनी का कंजर्वेटिव पॉलिटिकल एक्शन कॉन्फ्रेंस (CPAC) में वीडियो लिंक के जरिए दिया गया भाषण दिखाया गया है।

Indian Politics: मेलोनी ने मौजूदा राष्ट्रवादी बनाम वामपंथी संघर्ष को उजागर किया-बीजेपी
मेलोनी ने अपने संबोधन में डोनाल्ड ट्रंप की तारीफ करते हुए कहा कि वामपंथी दल उनकी जीत से घबरा गए हैं। इस पोस्ट में जावड़ेकर ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को टैग करते हुए केरल में कांग्रेस की अगुवाई वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) और सीपीएम (CPM)के नेतृत्व वाले लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (LDF) पर निशाना साधा है। उन्होंने लिखा,'इटली की प्रधानमंत्री मेलोनी ने मौजूदा राष्ट्रवादी बनाम वामपंथी संघर्ष को संक्षेप में बताया है।'
गौरतलब है कि केरल में राजनीति मुख्य रूप से सीपीएम की अगुवाई वाले एलडीएफ और कांग्रेस की अगुवाई वाले यूडीएफ के इर्द-गिर्द घूमती है। 2014 में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के सत्ता में आने के बाद से बीजेपी राज्य में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
प्रकाश जावड़ेकर अक्सर एलडीएफ और यूडीएफ पर एक-दूसरे के प्रतिद्वंदी होने का दिखावा करने का आरोप लगाते रहे हैं। क्योंकि, इन दोनों गठबंधनों में शामिल दल अन्य राज्यों में विपक्षी इंडिया ब्लॉक का हिस्सा हैं।
Indian Politics: वामपंथ पर सीधा हमला करते हुए पीएम मोदी के लिए बोलीं इटली की मेलोनी?
अपने भाषण में जॉर्जिया मेलोनी ने वामपंथी दलों पर वैश्विक स्तर पर दोगली मानसिकता अपनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा,'जब बिल क्लिंटन और टोनी ब्लेयर ने 90 के दशक में वैश्विक वामपंथी उदारवादी नेटवर्क बनाया था,तब उन्हें महान नेता कहा गया था। आज जब डोनाल्ड ट्रंप,मैं (मेलोनी),जेवियर माइली या शायद नरेंद्र मोदी बात करते हैं तो हमें लोकतंत्र के लिए खतरा बताया जाता है।'
Indian Politics: यह वामपंथियों का दोहरा मापदंड- मेलोनी
मेलोनी ने आगे कहा,'यह वामपंथियों का दोहरा मापदंड है,लेकिन अच्छी बात यह है कि लोग अब उनकी बातों पर विश्वास नहीं करते, चाहे वे हमारे खिलाफ कितना भी कीचड़ उछालें। जनता लगातार हमारे पक्ष में मतदान कर रही है।'
Indian Politics: बीजेपी के लिए केरल में रणनीतिक अवसर
मेलोनी के इस बयान को बीजेपी ने केरल में अपनी राजनीतिक रणनीति के तहत भुनाने की कोशिश की है। पार्टी का मानना है कि राष्ट्रवाद और वामपंथ के विरोध के मुद्दे पर वह केरल के मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत कर सकती है। बीजेपी राज्य में लंबे समय से एक मजबूत विकल्प के रूप में उभरने की कोशिशों में जुटी है,जहां पारंपरिक रूप से कांग्रेस और वामपंथी दलों का वर्चस्व रहा है।
मेलोनी के भाषण को साझा कर बीजेपी ने यह संदेश देने की कोशिश की है कि दुनिया भर में राष्ट्रवादी नेताओं को एक जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है और वामपंथी दलों की रणनीतियां हर जगह समान हैं। (इनपुट-पीटीआई)












Click it and Unblock the Notifications