Indian Idol 12: जानिए अमेठी का मनोज शुक्ला कैसे बना मनोज मुंतशिर?
नई दिल्ली, 01 जून। इन दिनों सोशल मीडिया पर मशहूर गीतकार, स्क्रिप्ट राईटर और पटकथा लेखक मनोज मुंतशिर छाए हुए हैं, वजह है सोनी टीवी का रियलिटी शो 'इंडियन आइडल सीजन-12', जिसको लेकर इस वक्त विवाद छिड़ा हुआ है। इस शो में बतौर गेस्ट जज नजर आ रहे मनोज मुंतशिर ने भी अब विवाद पर प्रतिक्रिया दी है। जिसके कारण वो भी सोशल मीडिया पर काफी चर्चित हो गए हैं। दरअसल इस शो को लेकर विवाद इसलिए खड़ा हुआ है क्योंकि हाल ही में शो में गेस्ट के रूप में आए गायक अमित कुमार, मशहूर सिंगर किशोर कुमार के बेटे, ने शो को लेकर ऐसा कुछ कह दिया, जिसकी कल्पना किसी को भी नहीं थी।

मनोज मुंतशिर ने कही ये बात
दरअसल अमित कुमार हाल ही में 'किशोर कुमार स्पेशल एपिसोड' में शामिल हुए थे लेकिन शो के बाद एक इंटरव्यू में अमित कुमार ने आरोप लगाया कि 'इंडियन आइडल सीजन-12' के निर्माताओं ने उनसे कहा था कि चाहे आपकी राय कुछ भी हो, लेकिन आपको सभी प्रतियोगियों की तारीफ करनी है। जिसके बाद बवाल मच गया और रियलिटी शो कि रियलिटी पर प्रश्न खड़े हो गए।
मनोज मुंतशिर ने 'इंडियन आइडल' को सपोर्ट किया
इस पूरे प्रकरण पर मनोज मुंतशिर ने 'इंडियन आइडल' को सपोर्ट किया है और उल्टा अमित कुमार को सवालों के कठघरे में खड़ा कर दिया है। जिसके बाद ही मनोज मुंतशिर सोशल मीडिया पर चर्चित हो गए हैं। कुछ लोग उनके सपोर्ट में खड़े हैं तो कुछ लोग उन्हें भी उल्टा-सीधा कह रहे हैं।

मनोज मुंतशिर का असली नाम मनोज शुक्ला
गौरतलब है कि आम तौर पर विवादों से काफी दूर रहने वाले मनोज मुंतशिर का असली नाम मनोज शुक्ला है। 27 फरवरी 1976 को यूपी के अमेठी में जन्मे मनोज मुंतशिर आज किसी भी परिचय के मोहताज नहीं है। अपनी खूबसूरत लेखनी से लोगों के दिल को छूने वाले मनोज का जीवन काफी संघर्षो से गुजरा है। बता दें कि कभी फटे जूते पहनकर मुंबई की सड़कों पर रात गुजारने वाले मनोज शु्क्ला के पिता किसान थे। उनकी पहली नौकरी आकशवाणी में थी, जहां मात्र 500 रु महीने के रूप में मिलते थे।

भजन सम्राट अनूप जलोटा ने दिया पहला ब्रेक
बचपन से कविताएं लिखने का शौक रखने वाले मनोज शुक्ला को पहला ब्रेक साल 1999 में भजन सम्राट अनूप जलोटा ने दिया था। उन्होंने उनसे पहला भजन लिखवाया था।
'कौन बनेगा करोड़पति' से बदली किस्मत
इस कार्यक्रम के दौरान ही स्टार टीवी के एक अधिकारी की नजर मनोज मुंतशिर पर पड़ी और उन्होंने उन्हें अपने पास मिलने के लिए बुलाया और उनसे 'कौन बनेगा करोड़पति' शो के लिरिक्स लिखने को कहा। मनोज के लिए ये काम मुश्किल था लेकिन उन्होंने इसे किया और यहीं से उनके करियर ने जो स्पीड पकड़ी वो आज भी बदस्तूर जारी है।

फिल्म 'बाहुबली' से रचा इतिहास
केबीसी के लिरिक्स और संवाद Hit हुए और इसके बाद मनोज मुंतशिर को फिल्मों में गीत लिखने का मौका मिला। उन्होंने फिल्म एक विलेन के गीत "गलियां" लिखा, जिसमे सफलता का परचम लहरा दिया और इसके बाद उन्होंने साल 2016 की फिल्म रूस्तम के "तेरे संग यारा", फिल्म एम.एस.धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी के गीत "कौन तुझे" के बोल लिखे।
'तेरी मिट्टी' ने रचा इतिहास
साल 2019 में उनका लिखा फिल्म केसरी का गाना 'तेरी मिट्टी' ने कामयाबी की नई दास्तां लिख दी। उनकी कामयाबी की बात हो और फिल्म 'बाहुबली' का जिक्र ना हो तो ये बेमानी होगा। सफलता का नया इतिहास लिखने वाले इस क्लासिक फिल्म के सारे हिंदी संवाद मनोज मुंतशिर ने ही लिखे हैं और इसी वजह अमेठी का मनोज शुक्ला आज हर दिल अजीज मनोज मुंतशिर बन गया है,जिसे बहुत सारे पुरस्कारों से भी नवाजा जा चुका है।












Click it and Unblock the Notifications