सेना ने दिया संदेश, कश्मीर घाटी में जैश के हर आतंकी के खत्म होने तक चलता रहेगा मिशन
श्रीनगर। जम्मू कश्मीर में सेना और सुरक्षाबलों की ओर से पाकिस्तान को संदेश दे दिया गया है कि जब तक घाटी में जैश-ए-मोहम्मद के हर आतंकी का सफाया नहीं हो जाता, तब तक उनका मिशन जारी रहेगा। सोमवार को सेना, सीआरपीएफ और जम्मू कश्मीर पुलिस की ज्वॉइन्ट प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई। यह प्रेस कॉन्फ्रेंस पुलवामा में रविवार को हुए एनकाउंटर के बारे में जानकारी देने के लिए थी। सेना की ओर से बताया गया है कि त्राल में रविवार को जो एनकाउंटर हुआ था उसमें 14 फरवरी को पुलवामा में हुए आतंकी हमले का मास्टरमाइंड ढेर कर दिया गया है। त्राल एनकाउंटर में जैश के तीन आतंकी मारे गए हैं।

21 दिनों में 18 आतंकी ढेर
श्रीनगर स्थित सेना की 15वीं कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (जीओसी) लेफ्टिनेंट जनरल केजेएस ढिल्लन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। उन्होंने कहा, 'त्राल एनकाउंटर में जैश के तीन आतंकी मारे गए हैं। इस एनकाउंटर में जैश कमांडर मुदासिर खान को भी मारा गया है। मुदासिर पुलवामा आतंकी हमले का मुख्य साजिशकर्ता था।' सेना की ओर से कहा गया है कि पिछले 21 दिनों में सेना ने 18 आतंकी मारे हैं जिनमें से आठ आतंकी पाकिस्तानी थे। सेना के सूत्रों की मानें तो साल 2019 के पहले 70 दिनों सुरक्षाबलों ने 44 आतंकियों को ढेर किया है। ज्यादातर आतंकी जैश-ए-मोहम्मद के थे। वहीं साल 2018 में जहां पाकिस्तान ने एलओसी पर 1629 बार युद्धविराम तोड़ा था तो इस वर्ष अब तक 478 बार युद्धविराम तोड़ा जा चुका है।











Click it and Unblock the Notifications