व्हाट्सएप नंबर पर सैनिकों की शिकायत सीधे जाएगी आर्मी चीफ को
इंडियन आर्मी चीफ की अनोखी पहल, सैनिकों को उनकी शिकायत के लिए दिया अपना व्हाट्सएप नंबर। सोशल मीडिया पर जाने की जगह पर जवान सीधे चीफ से कर सकेंगे शिकायत।
नई दिल्ली। पिछले दिनों इंडियन आर्मी चीफ जनरल बिपिन रावत ने कहा था कि जिस किसी सैनिक को कोई शिकायत है वह सोशल मीडिया पर जाने की बजाय उनसे सीधा संपर्क कर सकता है। अब इंडियन आर्मी ने सैनिकों को एक व्हाट्सएप नंबर दिया है जिस पर वह सीधे चीफ को मैसेज कर सकेंगे। आर्मी का मकसद सोशल मीडिया पर सैनिकों को वीडियो या इस तरह का कंटेंट पोस्ट करने से रोकना है।

फेसबुक नहीं व्हाट्सएप पर करिए शिकायत
पिछले दिनों आर्मी, एयरफोर्स और सेंट्रल पुलिस फोर्सेज के जवानों की ओर से सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो पोस्ट किए गए थे। इन सभी वीडियोज में जवानों ने उन स्थितियों को दिखाया जिनमें वह काम करने को मजबूर हैं। सैनिकों के लिए 91-9643300008 व्हाट्सएप नंबर शुरू किया गया है। इस नंबर पर पर दर्ज शिकायतों को सीधा चीफ के पास भेजा जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक वर्तमान में सेना के अंदर शिकायतों को दूर करने का जो सिस्टम है वह काफी आसान और तेज है। लेकिन एक सैनिक जो हर तरीके से अपनी शिकायत को पहुंचा चुका है और फिर भी नाखुश है, तो वह इस नंबर के जरिए चीफ के ऑफिस से संपर्क कर सकता है।
लेकिन कुछ आशंका भी
हालांकि सेना के अंदर बहुत से लोग ऐसे हैं जो इस कदम को लेकर काफी आशंकित हैं। उनका कहना है कि व्हाट्स एप पर आने वाले हर निराधार मैसेज को इससे बाहर रखना संभव नहीं होगा। यह एक कॉमन व्हाट्सएप नंबर है। ऐसे में सिर्फ 1.3 मिलियन सैनिक ही नहीं बल्कि दुनिया में कोई भी इस पर मैसेज भेज सकता है। जो भी मैसेज आएगा उसे जांचना भी संभव नहीं होगा कि किस तरह का वीडियो, लिंक या फिर टेक्स्ट इस पर भेजा जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications