भारतीय सेना के ब्रिगेडियर की कोरोना वायरस से मौत, कोलकाता ईस्टर्न कमांड में थे तैनात
नई दिल्ली। भारतीय सेना के कोलकाता ईस्टर्न कमांड में तैनात एक ब्रिगेडिर की कोरोना वायरस (कोविड-19) से मौत हो गई है। इस बात की जानकारी समाचार एजेंसी एएनआई ने कोलकाता ईस्टर्न कमांड डिफेंस पीआरओ के हवाले से दी है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जवान का नाम विकास सामयल बताया जा रहा है। उनकी मौत गुरुवार सुबह हुई है। उनकी कोरोना वायरस की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी, जिसके बाद से उनका इलाज चल रहा है।

विकास के परिवार में उनकी पत्नी और दो बेटी हैं। ये सब भी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए थे, हालांकि सभी इलाज के बाद ठीक हो गए। बता दें ईस्टर्न कमांड भारतीय सेना की छह में से एक ऑपरेशनल कमांड है। वहीं 30 जून को सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) में कोरोना वायरस के 53 नए मामले सामने आए हैं। बीएसएफ द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, अभी तक सीमा सुरक्षा बल में कुल 1018 मामले दर्ज किए गए हैं। इसमें 345 सक्रिय मामले हैं और 659 ठीक हो चुके हैं। वहीं बीएसएफ के चार जवानों की इस वायरस के कारण मौत हो गई है।
देशभर में कोरोना वायरस के मामलों की बात करें तो स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में 19,148 नए केस सामने आए हैं। जबकि वायरस ने एक दिन में 434 लोगों की जान ले ली है। अब देश में कोरोना वायरस के कुल मामलों की संख्या 6,04,641 है, इसमें से 3,59,860 लोग ठीक हो चुके हैं और 2,26,947 केस सक्रिय हैं। जबकि इस खतरनाक वायरस से अब तक 17834 लोगों की जान जा चुकी है।कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए केंद्र सरकार के साथ-साथ राज्य सरकारें भी हर संभव कोशिश कर रही हैं। टेस्टिंग की संख्या को भी देश में काफी बढ़ा दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications