चीन-पाक की बढ़ेगी टेंशन, वायुसेना को मिलेंगे 156 स्वदेशी लड़ाकू हेलीकॉप्टर 'प्रचंड', जानें खासियत
Light Combat Chopper Prachand: भारतीय वायुसेना की ताकत और बढ़ने जा रही है, जिसके बाद भारत के दुश्मन देश चीन और पाकिस्तान की चिंता बढ़ना लाजमी है, क्योंकि एयरफोर्स को 150 से ज्यादा स्वदेशी हल्के हमलावर हेलीकॉप्टर 'प्रचंड' मिलने जा रहे हैं।
भारतीय वायुसेना 156 और प्रचंड हेलीकॉप्टर्स के ऑर्डर देने जा रही है। वायुसेना ने हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) के साथ 156 और प्रचंड लाइट कॉम्बैट हेलीकॉप्टरों के लिए ऑर्डर देने की योजना बनाई है।

चीन-पाक बॉर्डर पर होगी तैनाती
इन प्रचंड लाइट कॉम्बैट हेलीकॉप्टर्स को भारतीय वायुसेना और भारतीय सेना द्वारा चीन और पाकिस्तान के बॉर्डर पर तैनात किया जाएगा। लाइट कॉम्बैट हेलीकॉप्टर प्रचंड दुश्मन के रडार को भी चकमा दे सकते हैं।
दुनिया की सबसे खराब मौसम स्थितियों और इलाकों में परीक्षण करने के बाद दोनों सेवाओं ने पिछले 15 महीनों में इनमें से 15 हेलीकॉप्टरों को पहले ही अपने बेड़े में शामिल कर लिया है।
जल्द मिलने की संभावना
वरिष्ठ रक्षा अधिकारियों ने एएनआई को बताया, "मुख्य सेवा के रूप में भारतीय वायु सेना ने संयुक्त अधिग्रहण मामले के रूप में 156 और प्रचंड हेलीकॉप्टर खरीदने के लिए सरकार के पास एक प्रस्ताव रखा है, जिसे जल्द ही मंजूरी मिलने की संभावना है।"
हाल ही में भारतीय वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी ने स्वदेशीकरण को बढ़ावा देने के लिए लगभग 100 और हल्के लड़ाकू विमान मार्क 1ए खरीदने के इरादे के बारे में जानकारी दी थी।
दोनों परियोजनाओं का कुल योग 1.5 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा होगा। 156 हेलीकॉप्टरों में से 66 भारतीय वायु सेना द्वारा शामिल किए जाएंगे, जबकि बाकी के 90 भारतीय सेना द्वारा अधिग्रहित किए जाएंगे।
जानें LCH प्रचंड की खासियत?
पूरी तरह से भारतीय डिजाइन, विकसित और निर्मित हथियार प्रणाली भारतीय वायु सेना की जरूरतों को पूरा करते हुए, प्रचंड का हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) द्वारा बड़े पैमाने पर परीक्षण किया गया है।
इस लड़ाकू हेलीकॉप्टर को रेगिस्तानी इलाकों और ऊंचाई वाले क्षेत्रों दोनों में संचालित करने के लिए भारतीय सशस्त्र बलों की आवश्यकताओं के अनुसार बनाया गया है।
प्रचंड दुनिया का एकमात्र लड़ाकू हेलीकॉप्टर है, जो 5,000 मीटर (16,400 फीट) की ऊंचाई पर उतर और उड़ान भर सकता है, जो इसे सियाचिन ग्लेशियर और पूर्वी लद्दाख के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में संचालित करने के लिए आदर्श बनाता है।
लड़ाकू हेलीकॉप्टर हवा से जमीन और जमीन से हवा में मार करने वाली मिसाइलों से भी लैस है। जो दुश्मनों के ऊंचाई के साथ-साथ अन्य इलाकों में नष्ट करने में समक्ष है।












Click it and Unblock the Notifications