उत्तर भारत में फ्लाइट्स पर ब्रेक! एयरस्ट्राइक के बाद ये एयरपोर्ट हुए बंद,आपकी फ्लाइट कैंसल तो नहीं?
India Strike on Pakistan: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले का भारत ने जोरदार तरीके से बदला ले लिया है। भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदुर (Operation Sindoor) के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान-अधिकृत कश्मीर (पीओके) में स्थित आतंकी ठिकानों पर सटीक हमले किए गए।
इन हमलों के बाद उत्तरी भारत के कई हवाई अड्डों की सेवाएं प्रभावित हो गई हैं। Indigo और SpiceJet जैसी विमानन कंपनी ने एडवाइजरी जारी की है।

'इन हवाई अड्डे पर जाने से पहले चेक कर लें'
इंडिगो एयरलाइंस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर जानकारी दी कि,'क्षेत्र में बदलती एयरस्पेस स्थिति के कारण, श्रीनगर, जम्मू, अमृतसर, लेह, चंडीगढ़ और धर्मशाला के लिए आने-जाने वाली उड़ानों पर असर पड़ा है। कृपया हवाई अड्डे पर जाने से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति जांच लें।'
इसके बाद एक और अपडेट में कहा गया कि, 'बीकानेर से संबंधित उड़ानें भी मौजूदा एयरस्पेस प्रतिबंधों के कारण प्रभावित हैं।'
स्पाइसजेट ने क्या कहा?
स्पाइसजेट (SpiceJet) एयरलाइंस ने एक फ्लाइट एडवाइजरी जारी करते हुए कहा कि,धर्मशाला (Dharamsala Airport), लेह (Leh Airport), जम्मू(Jammu Airport), श्रीनगर (Srinagar Airport) और अमृतसर (Amritsar Airport) के हवाई अड्डे अगली सूचना तक बंद रहेंगे।
उन्होंने यात्रियों से अपील की कि, वे अपनी यात्रा की योजना उड़ान की स्थिति की पुष्टि करने के बाद ही बनाएं।
श्रीनगर एयरपोर्ट आमलोगों के लिए बंद
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान उत्तर भारत के कई हवाई अड्डे बंद कर दिए गए। श्रीनगर एयरपोर्ट (Srinagar Airport) को आमलोगों के लिए पूरी तरह से बंद कर दिया गया है सभी उड़ानें निलंबित कर दी गईं।
Air India की दो अंतरराष्ट्रीय उड़ानें डायवर्ट
वहीं Air India ने एडवाइजरी जारी करते हुए कहा कि, 'स्थिति को देखते हुए, एयर इंडिया ने 7 मई को दोपहर 12 बजे तक निम्नलिखित स्थानों के लिए आने-जाने वाली सभी उड़ानें रद्द कर दी हैं। जिसमें जम्मू, श्रीनगर, लेह, जोधपुर, अमृतसर, भुज, जामनगर, चंडीगढ़ और राजकोट।
आगे की जानकारी संबंधित अधिकारियों से मिलने तक उड़ानों पर रोक जारी रहेगी।
अमृतसर की ओर जा रही दो अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को दिल्ली की ओर डायवर्ट किया गया है।
इस अचानक हुए व्यवधान के कारण हुई असुविधा के लिए हमें खेद है।
अधिक जानकारी के लिए कृपया हमारे कॉन्टैक्ट सेंटर पर कॉल करें: 011-69329333 / 011-69329999
या हमारी वेबसाइट पर विजिट करें।'
हमने सिर्फ आतंक के अड्डों को निशाना बनाया- रक्षा मंत्रालय
वहीं भारत के रक्षा मंत्रालय ने इस कार्रवाई पर जवाब देते हुए कहा कि, 'हमारी कार्रवाई पूरी तरह से सोची-समझी, सीमित और किसी तरह से उकसाने वाली नहीं थी। हमने सिर्फ आतंक के अड्डों को निशाना बनाया, किसी भी पाकिस्तानी सेना की जगह को नहीं छुआ।'
ये पूरा ऑपरेशन पहलगाम में हुए बर्बर आतंकी हमले के बाद किया गया, जिसमें 25 भारतीय और 1 नेपाली नागरिक की जान चली गई थी।
ये भी पढ़ें India Strike on Pakistan: सेना की कार्रवाई पर एकजुट विपक्ष, सरकार को मिला पूरा समर्थन, नेताओं ने क्या कहा?












Click it and Unblock the Notifications