सितंबर में भारत की बेरोजगारी दर 6.86% तक गिरी, निर्माण उद्योग ने सृजित की सबसे अधिक नौकरियां
नई दिल्ली, अक्टूबर 07: सेंटर फॉर मॉनिटरिंग इंडियन इकोनॉमी (सीएमईआई) के अनुसार, भारत की बेरोजगारी दर अगस्त में 8.32 प्रतिशत से घटकर सितंबर में 6.86 प्रतिशत हो गई। इसकी वजह पिछले महीने 8.5 मिलियन नौकरियों का सृजन होना है। निर्माण गतिविधियों के फिर से गति पकड़ने के चलते रोजगार सृजन में तेजी आई है। इस सब में अहम बात ये है कि, इनमें से अधिकांश नौकरियां ग्रामीण भारत में सृजित हुईं हैं।

इकोनॉमिक टाइम्स की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि अतिरिक्त नौकरियों के सृजन ने सितंबर में भारत की रोजगार दर को 37.87 फीसदी तक बढ़ा दिया है। जबकि अगस्त में यह 37.15 फीसदी थी। ग्रामीण भारत में रोजगार दर में 0.85 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। रिपोर्ट में सीएमआईई के हवाले से कहा गया है कि, ग्रामीण भारत में यह एक असाधारण वृद्धि है। जबकि कृषि से श्रम की मांग आमतौर पर कम होती है।
जबकि एग्रीकल्चर सेक्टर ने सितंबर के दौरान अतिरिक्त 0.55 मिलियन को अवशोषित किया है। शेष छह मिलियन गैर-कृषि ग्रामीण नौकरियों में अवशोषित हुए। जो बड़े पैमाने पर निर्माण और विनिर्माण सेक्टर से पैदा हुईं। सीएमआईई ने बताया, ग्रामीण भारत में निर्माण उद्योग अतिरिक्त श्रम के लिए नौकरियों का सबसे बड़ा दाता था। सितंबर में इस क्षेत्र में 7.55 मिलियन अतिरिक्त लोगों को रोजगार मिला।
रिपोर्ट के मुताबिक, रोजगार में संभावित वृद्धि के पीछे ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत सड़क निर्माण में निवेश में लगातार बढ़ोत्तरी को माना जा रहा है। सीएमआईई ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि, सितंबर 2021 में रोजगार का अनुमान 406.2 मिलियन है। यह पिछले 20 महीनों में सबसे अधिक है। हालाँकि, यह अभी भी 2019-20 में 408.9 मिलियन से कम है। सितंबर में यह बड़ी छलांग वेतनभोगी नौकरियों को उनके 2019-20 के औसत के सबसे करीब में लाती है, जो कि 86.7 मिलियन था।
हालांकि, शहरी क्षेत्रों में बेरोजगारी दर 8.62 प्रतिशत दर्ज की गई, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में सितंबर में 6.06 प्रतिशत थी। देश में बेरोजगारी की दर मई 2021 में 11.84 प्रतिशत तक पहुंच गई थी। जो 2021 में कोविड-19 महामारी की दूसरी लहर के बीच सबसे अधिक थी। यह वह समय था जब शहरी क्षेत्रों में बेरोजगारी दर 14.72 प्रतिशत थी और ग्रामीण क्षेत्रों में बेरोजगारी दर 10.55 प्रतिशत थी।












Click it and Unblock the Notifications