कोरोना के नए मामलों में 147 दिन बाद सबसे बड़ी गिरावट, 24 घंटों में मिले 28204 केस
पिछले कुछ दिनों से लगातार बढ़ रहे कोरोना वायरस के मामलो में एक बड़ी गिरावट देखने को मिली है।
नई दिल्ली, 10 अगस्त: कोरोना वायरस महामारी की तीसरी लहर की आशंका के बीच संक्रमण के नए मामलों में मंगलवार को एक बड़ी गिरावट देखने को मिली और दैनिक केस 30 हजार से नीचे रिकॉर्ड किए गए। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने मंगलवार को नए आंकड़े जारी करते हुए बताया कि पिछले 24 घंटों के भीतर देश में कोरोना वायरस के 28204 नए मामले मिले हैं। संक्रमण के दैनिक मामलों में पिछले 147 दिनों के दौरान यह सबसे बड़ी गिरावट है। इसके अलावा बीते एक दिन में कोरोना वायरस की वजह से 373 लोगों की जान गई है।
Recommended Video

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, इन नए आंकड़ों के साथ देश में कोरोना वायरस के कुल मामले बढ़कर 31,99,8158 और मृतकों की संख्या 428,682 हो गई है। इसके साथ ही कोरोना वायरस से ठीक होने वाले मरीजों की संख्या भी बढ़ी है और एक्टिव केस घटकर 388,508 पर पहुंच गए हैं। कोरोना वायरस के मरीजों का रिकवरी रेट फिलहाल 97.45 फीसदी है और देश में अब तक कुल 31,180,968 मरीज ठीक हो चुके हैं। वहीं, अलग-अलग राज्यों में चल रहे टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोरोना वायरस वैक्सीन की कुल 513,914,567 डोज दी जा चुकी हैं।
इन पांच राज्यों में कोरोना वायरस के सबसे ज्यादा केस
आपको बता दें कि इस समय देश के पांच राज्यों में कोरोना वायरस के दैनिक मामले सबसे ज्यादा हैं। बीते 24 घंटों के अंदर मिले संक्रमण के कुल मामलों में केरल में 13,049, महाराष्ट्र में 4,505, तमिलनाडु में 1,929, आंध्र प्रदेश में 1,413 और कर्नाटक में 1,186 केस रिकॉर्ड किए गए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, कोरोना वायरस के नए मामलों में 78.3 फीसदी केस इन्हीं पांच राज्यों से हैं और इनमें अकेले केरल का आंकड़ा 46.27 फीसदी है। इसके अलावा बीते एक दिन में कोरोना वायरस के कारण जिन लोगों की मौत हुई है, उनमें 105 मरीज केरल और 68 मरीज महाराष्ट्र से हैं।












Click it and Unblock the Notifications