घट रही कोरोना की रफ्तार: 24 घंटों में 1.27 लाख नए केस और 2.55 लाख मरीज ठीक
देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर से बिगड़े हालात अब सुधरते हुए नजर आ रहे हैं...
नई दिल्ली, 1 जून: देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर से बिगड़े हालात अब सुधरते हुए नजर आ रहे हैं। मंगलवार को कोरोना वायरस के दैनिक मामलों और मौतों की संख्या में कमी देखने को मिली। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने मंगलवार को आंकड़े जारी करते हुए बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान देश में कोरोना वायरस के 1,27,510 नए केस मिले हैं, जबकि इस दौरान 2795 लोगों की मौत हुई है। वहीं, बीते एक दिन में देश के अलग-अलग राज्यों में कोरोना वायरस के कुल 2,55,287 मरीज ठीक होकर अपने घर लौटे हैं।
Recommended Video

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि करीब 54 दिन बाद भारत में कोरोना वायरस के सबसे कम मामले रिकॉर्ड किए गए हैं। इसके अलावा ठीक होने वाले मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ने की वजह से कोरोना वायरस के एक्टिव केस भी घटकर 18,95,520 पर आ गए हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान ही एक्टिव मामलों में 1,30,572 की कमी आई है। इसके साथ ही देश में कोरोना वायरस के मरीजों का रिकवरी रेट बढ़कर 92.09 फीसदी पर पहुंच गया है।
कोरोना से देश में 3,31,895 लोगों की मौत
नए मरीज मिलने के बाद देश में कोरोना वायरस के कुल केस बढ़कर 2,81,75,044 और रिकवर मरीजों की संख्या बढ़कर 2,59,47,629 हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, कोरोना वायरस के कारण अभी तक देश में 3,31,895 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, कोरोना वायरस के खिलाफ देश में टीकाकरण अभियान भी तेजी से चल रहा है, जिसमें अब तक वैक्सीन की कुल 21,60,46,638 डोज दी चुकी हैं।
महाराष्ट्र, यूपी और दिल्ली में अनलॉक की प्रक्रिया शुरू
आपको बता दें कि कोरोना वायरस के कम होते मामलों को देखते हुए महाराष्ट्र, यूपी और दिल्ली में अनलॉक की प्रक्रिया शुरू हो गई है। दिल्ली में 31 मई से फैक्ट्रियों को खोलने और निर्माण कार्य शुरू करने की इजाजत दे दी गई है। इसके अलावा यूपी में जिन जिलों में कोरोना वायरस के एक्टिव केस 600 से कम हैं, वहां कुछ छूट बढ़ा दी गई है। सोमवार को बीएमसी ने भी मुंबई में छूट बढ़ाते हुए अनलॉक को लेकर नई गाइडलाइन जारी की।












Click it and Unblock the Notifications