Bihar News: प्रधानमंत्री मोदी ने किया भारत नवीकरणीय ऊर्जा शिखर सम्मेलन-2026 का उद्घाटन, बिहार के CM सम्राट चौधरी भी हुए शामिल
पटना, 2 नवंबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में 'भारत नवीकरणीय ऊर्जा शिखर सम्मेलन एवं एक्सपो-2026’ का उद्घाटन किया। इस अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी मौजूद रहे। चार दिवसीय यह वैश्विक सम्मेलन 2 से 5 नवंबर तक आयोजित किया जा रहा है। इसकी थीम 'निवेश करें, नवाचार करें, प्रेरित करें’ रखी गई है।

अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा देने, तकनीकी नवाचार को प्रोत्साहित करने और अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित इस सम्मेलन में दुनिया भर के नीति-निर्माता, निवेशक, वित्तीय संस्थानों के प्रतिनिधि और उद्योग जगत की प्रमुख हस्तियां भाग ले रही हैं। आयोजन में 130 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों के साथ 40 से ज्यादा मंत्री भी शामिल हो रहे हैं।
यह वैश्विक सम्मेलन स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में निवेश, औद्योगिक भागीदारी और तकनीकी सहयोग को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगा। इसमें विभिन्न देशों के बीच अक्षय ऊर्जा से जुड़ी नई तकनीकों, अनुभवों और निवेश की संभावनाओं पर चर्चा होगी। सम्मेलन में ऑस्ट्रेलिया, डेनमार्क, यूरोपीय संघ, फ्रांस, जर्मनी, नीदरलैंड, नॉर्वे, स्वीडन और यूनाइटेड किंगडम कंट्री पार्टनर के रूप में भाग ले रहे हैं।
13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की भागीदारी
इस आयोजन में 13 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश अपनी अक्षय ऊर्जा क्षमता, निवेश के अवसरों और विनिर्माण क्षेत्र की संभावनाओं को प्रदर्शित करेंगे। इनमें बिहार के अलावा आंध्र प्रदेश, असम, छत्तीसगढ़, दिल्ली, गुजरात, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल शामिल हैं।
अंतरराष्ट्रीय मंच पर बिहार की अक्षय ऊर्जा क्षमता होगी प्रस्तुत
सम्मेलन में बिहार की भागीदारी राज्य की अक्षय ऊर्जा क्षमता और औद्योगिक विकास की संभावनाओं को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर देगी। इसके माध्यम से राज्य स्वच्छ ऊर्जा क्षेत्र में निवेश आकर्षित करने के साथ-साथ तकनीकी सहयोग और औद्योगिक साझेदारी के नए अवसर तलाश सकेगा। इस वैश्विक आयोजन में विभिन्न देशों और राज्यों की भागीदारी से अक्षय ऊर्जा क्षेत्र में निवेश, नवाचार और सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।


Click it and Unblock the Notifications
