कश्मीर में रासायनिक हथियारों के इस्तेमाल पर भारत का पाक को जवाब
नई दिल्ली। कश्मीर में भारतीय सेना के आम शहरियों के खिलाफ रासायनिक हथियारों के इस्तेमाल किए जाने के पाक के आरोप को विदेश मंत्रालय ने पूरी तरह से गलत कहा है। भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा है कि पाकिस्तान की तरफ से इस तरह की बात पहली बार नहीं हुई है और हम इन आरोपों को पूरी तरह से नकारते हैं। विदेश मंत्रालय की ओर से कहा गया है कि इस तरह के आरोप लगाना दिखाता है कि पाकिस्तान गंभीर मुद्दों पर भी संजीदा नहीं है।

बता दें कि पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मोहम्मद फैसल ने गुरुवार को कहा था कि भारत कश्मीर में आम लोगों पर रासायनिक हथियारों का इस्तेमाल कर रहा है। भारत की इस आक्रामकता की पाकिस्तान कड़ी निंदा करता है। फैसल ने कहा कि हम कश्मीर समस्या का हल वहां के लोगों की इच्छानुसार चाहते हैं।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता फैसल ने कहा, 'पाकिस्तान, कश्मीर के लोगों की इच्छा के मुताबिक इस मुद्दे का हल चाहता है। करतारपुर बॉर्डर को खोलने को लेकर फैसल ने कहा है कि जब तक भारत, पाकिस्तान के साथ वार्ता नहीं करता है, यह मसला ऐसे ही अटका रहेगा। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान पड़ोसियों के साथ शांति चाहता है।
उन्होंने यह याद दिलाया कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से पाक प्रधानमंत्री इमरान खान को चिट्ठी लिखकर वार्ता की पहल की गई थी। इसके साथ ही फैसल ने यहां पर भारतीय नागरिक कुलभूषण जाधव के इंटरनेशनल कोर्ट ऑफ जस्टिस यानी आईसीजे में चल रहे केस पर भी बात की। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान कभी भी अपने राष्ट्रीय हितों से समझौता नहीं करेगा।












Click it and Unblock the Notifications