युद्ध के बीच रूस ने निभाया अपना वादा, S-400 मिसाइल सिस्टम का तीसरा स्क्वाड्रन भारत को मिला
यूक्रेन के साथ युद्ध के बीच रूस ने S-400 मिसाइल सिस्टम का तीसरा स्क्वाड्रन भारत पहुंचा दिया है। इसे पाकिस्तान की सीमा पर तैनात किया जाएगा।

रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध जारी है। ऐसे में आशंका जताई जा रही थी कि भारत को रूस से S-400 मिसाइल सिस्टम का तीसरा स्क्वाड्रन प्राप्त करने में दिक्कत होगी, लेकिन अब खबर आ रही है कि रूस ने अपना वादा निभाया है। उसने अपने सौदे के तहत एस-400 वायु रक्षा मिसाइल प्रणाली को डिलीवर कर दिया। जल्द ही इसे पाकिस्तान से लगती सीमा पर तैनात कर दिया जाएगा।
दरअसल भारत ने पांच स्क्वाड्रन का सौदा रूस से किया था। इसमें पहला स्क्वाड्रन दिसंबर 2021 में आया, जबकि दूसरा अप्रैल 2022 में मिला। इसके बाद रूस और यूक्रेन का युद्ध शुरू हो गया था। माना जा रहा था कि इस युद्ध की वजह से तीसरे स्क्वाड्रन की डिलीवरी में देरी होगी। सूत्रों के मुताबिक रूस ने अपना वादा पूरा कर दिया, ऐसे में भारत को तीसरा स्क्वाड्रन भी मिल गया है।
सूत्रों के मुताबिक तीसरे स्क्वाड्रन को पाकिस्तान के संभावित हमलों से निपटने के लिए पंजाब या राजस्थान में तैनात किए जाने की संभावना है। इससे पहले के दोनों स्क्वाड्रनों को रणनीतिक रूप से सीमाओं की रक्षा करने के लिए चीन और पाकिस्तान की सीमा पर तैनात रखा गया है। न्यूज एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक पहले वाले स्क्वाड्रन पश्चिम बंगाल और पूरे उत्तर-पूर्वी क्षेत्र में संवेदनशील चिकन नेक कॉरिडोर के साथ-साथ लद्दाख सेक्टर की देखभाल कर रहे, ताकि वहां पर हवाई हमालों से निपटा जा सके।
कितने में हुआ है सौदा?
आपको बता दें कि भारत ने रूस से S-400 वायु रक्षा मिसाइलों के पांच स्क्वाड्रन हासिल करने के लिए 35,000 करोड़ रुपये से ज्यादा के सौदे पर हस्ताक्षर किए हैं। S-400 को रूस की सबसे उन्नत लंबी दूरी की सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल रक्षा प्रणाली के रूप में जाना जाता है। ये हवा में किसी भी विमान, मिसाइल आदि को तबाह कर सकता है।












Click it and Unblock the Notifications