भारत का सबसे असुरक्षित राज्य कौन सा? कहां सबसे ज्यादा क्राइम, देश के टॉप 10 'अपराधी' राज्यों की देखें लिस्ट
Indian states crime rate: भारत की आबादी 140 करोड़ से भी ज्यादा हो चुकी है, दुनिया का सबसे ज्यादा आबादी वाला देश बन गया है। इस विशाल जनसंख्या के साथ देश के अलग-अलग राज्यों को कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। इन्हीं में से एक बड़ी चुनौती है -अपराध। कुछ राज्यों में क्राइम रेट (अपराध दर) इतनी अधिक है कि वह न सिर्फ लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े करती है बल्कि वहां के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी प्रभावित करती है।
राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो यानी नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) 2024 के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, भारत में अपराध के आंकड़े हर साल बदलते हैं। देश में अपराध के आंकड़ों में कई बदलाव देखने को मिले हैं। कुछ राज्यों में अपराध मामूली घटे हैं, लेकिन कई राज्यों में कुछ खास तरह के अपराधों में जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इस रिपोर्ट में प्रति व्यक्ति अपराध दर (crime per capita) के आधार पर देश के 10 सबसे ज्यादा अपराध वाले राज्यों की सूची तैयार की गई है। इस सूची में कुछ नाम चौंकाने वाले हैं - क्योंकि देश की राजधानी दिल्ली को भी कई राज्य पीछे छोड़ चुके हैं।

भारत के 10 सबसे अधिक अपराध दर वाले राज्य (प्रति व्यक्ति अपराध दर के आधार पर)
रैंक | भारतीय राज्य | प्रति व्यक्ति अपराध दर |
1. | उत्तर प्रदेश | 7.4 |
2. | अरुणाचल प्रदेश | 5.8 |
3. | झारखंड | 5.3 |
4. | मेघालय | 5.1 |
5. | दिल्ली | 5.0 |
6. | असम | 4.4 |
7. | छत्तीसगढ़ | 4.0 |
8. | हरियाणा | 3.8 |
9. | ओडिशा | 3.8 |
10. | आंध्र प्रदेश | 3.6 |
भारत के 10 राज्य, जो अपराध दर में सबसे आगे (India's 10 Most Crime-Prone States)
🔴 1. उत्तर प्रदेश - प्रति व्यक्ति अपराध दर: 7.4
देश का सबसे अधिक आबादी वाला राज्य अपराध के मामले में भी सबसे ऊपर है। यहां चोरी, हिंसा, सांप्रदायिक झड़पें और महिलाओं के खिलाफ अपराध आम बात हो चुकी है।
🔴 2. अरुणाचल प्रदेश - प्रति व्यक्ति अपराध दर 5.8
छोटी आबादी और दुर्गम इलाकों वाला यह राज्य हैरान करता है। यहां रात में मूवमेंट पर पाबंदी जैसी सुरक्षा चिंताएं बताती हैं कि पुलिसिंग कितनी मुश्किल है।
🔴 3. झारखंड - प्रति व्यक्ति अपराध दर 5.3
नक्सलवाद, अवैध खनन और ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं की कमी यहां अपराध दर को बढ़ा रही है। कई बार अपराध रिपोर्ट ही नहीं होते।
🔴 4. मेघालय - प्रति व्यक्ति अपराध दर 5.1
खूबसूरत पहाड़ी राज्य होने के बावजूद यहां आदिवासी क्षेत्रों में अपराध बढ़ रहे हैं। छोटे राज्य में इतनी उच्च प्रति व्यक्ति अपराध दर चिंता का विषय है।
🔴 5. दिल्ली - प्रति व्यक्ति अपराध दर 5.0
देश की राजधानी में कानून व्यवस्था की हालत चिंताजनक है। महिलाओं के खिलाफ अपराध, चोरी और स्ट्रीट क्राइम यहां आम हो गए हैं।
🔴 6. असम - प्रति व्यक्ति अपराध दर 4.4
राज्य में राजनीतिक अस्थिरता और जातीय संघर्ष लंबे समय से कानून व्यवस्था को प्रभावित कर रहे हैं।
🔴 7. छत्तीसगढ़ - प्रति व्यक्ति अपराध दर 4.0
नक्सल प्रभावित यह राज्य भी अपराध की दृष्टि से संवेदनशील बना हुआ है। आदिवासी इलाकों तक पहुंचना मुश्किल होने से स्थिति और खराब हो जाती है।
🔴 8. हरियाणा प्रति व्यक्ति अपराध दर 3.8
हरियाणा में शहरी अपराध और गैंगवार जैसी घटनाएं बढ़ रही हैं। हरियाणा में शहरी अपराधों में बढ़ोतरी देखी गई है, जिसमें गिरोह गतिविधि और महिलाओं के खिलाफ हिंसा शामिल है
🔴 9. ओडिशा प्रति व्यक्ति अपराध दर 3.8
ओडिशा में ग्रामीण क्षेत्रों में कानून व्यवस्था कमजोर है।ओडिशा अपने आंतरिक क्षेत्रों में ग्रामीण अपराधों और पुलिस व्यवस्था की खामियों से जूझ रहा है।
🔴 10. आंध्र प्रदेश - प्रति व्यक्ति अपराध दर 3.6
यहां परंपरागत अपराधों के साथ-साथ अब डिजिटल धोखाधड़ी, साइबर क्राइम और घरेलू हिंसा जैसे नए अपराध भी बढ़ते दिख रहे हैं।
(द इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक ये आंकड़े NCRB के लेटेस्ट डेटा के आधार पर दिए गए हैं।)
भारत में क्यों बढ़ रहे हैं अपराध?
भारत जैसे विशाल देश में अपराध का स्तर कई कारकों पर निर्भर करता है -गरीबी,बेरोजगारी, शिक्षा की कमी, सामाजिक असमानता और राजनीतिक अस्थिरता इनमें प्रमुख हैं। जब इन हालातों का सामना लोग लंबे समय तक करते हैं, तो कई बार वे गलत रास्ते पर चले जाते हैं। इससे समाज में अपराध की घटनाएं बढ़ती हैं।
यह जानना कि किस राज्य में अपराध सबसे ज्यादा हो रहा है, न केवल आम लोगों के लिए जरूरी है बल्कि इससे सरकार और पुलिस को भी यह समझने में मदद मिलती है कि कहां ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है। इससे कानून-व्यवस्था बेहतर बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकते हैं। NCRB की यह रिपोर्ट न सिर्फ आम नागरिकों को सतर्क करती है, बल्कि सरकार और कानून व्यवस्था को भी ध्यान दिलाती है कि किन क्षेत्रों में तत्काल ध्यान देने की जरूरत है।












Click it and Unblock the Notifications