लद्दाख के पैंगोंग सो झील के पास फिर भिड़े भारत-चीन के सैनिक, हुई बर्निंग शॉट फायरिंग
नई दिल्ली। भारत-चीन के बीच जारी सीमा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहे। चीन के सरकारी अखबार ग्लोबल टाइम्स की खबर के मुताबिक चीन ने सोमवार देर रात भारतीय सैनिकों पर सीमा पार करने और गोलीबारी करने का आरोप लगाया है। दावा किया जा रहा है कि ताजा झड़प लद्दाख के पैंगोग सो झील के दक्षिणी छोर पर स्थित एक पहाड़ी पर हुई है। हालांकि सूत्रों का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।
Recommended Video

चीनी अखबार ग्लोबल टाइम्स ने चीनी सेना के वेस्टर्न थियेटर कमांड के प्रवक्ता के हवाले से पैंगोग सो के पास झड़प का दावा किया है। अखबार ने लिखा, 'भारतीय सेना ने पैंगोंग सो झील के दक्षिणी छोर के पास शेनपाओ की पहाड़ी पर एलएसी को पार किया। अखबार ने आगे लिखा है, 'भारतीय जवानों ने बातचीत की कोशिश कर रहे पीएलए के बॉर्डर पट्रोल से जुड़े सैनिकों पर वार्निंग शॉट फायर किए जिसके बाद चीनी सैनिकों को हालात काबू में करने के लिए कदम उठाने पड़े।'
चीनी सेना के प्रवक्ता सीनियर कर्नल जांग शियूली ने एक बयान जारी कर कहा, "भारतीय सैनिकों ने भारत-चीन सीमा के पश्चिमी हिस्से में एलएसी को पार किया और पैंगोन्ग लेक के दक्षिणी किनारे के नज़दीक शेनपाओ पहाड़ के इलाक़े में घुस गए।" बयान के अनुसार भारतीय सेना के इस क़दम ने दोनों पक्षों के बीच जो सहमति बनी थी, ये उसका गंभीर उल्लंघन है, और इसने इलाक़े में तनाव बढ़ा दिया है।
चीनी सेना के प्रवक्ता के अनुसार इससे दोनों पक्षों में गलतफहमी बढ़ेगी और यह गंभीर सैन्य भड़काऊ और घिनौनी कार्रवाई है। प्रवक्ता जांग ने कहा, "हम भारतीय पक्ष से मांग करते हैं कि वो इस तरह के खतरनाक हरकतों को फौरन बंद करें, जिन सैनिकों ने एलएसी को पार किया है उन्हें तुरंत वापस बुलाएं, सीमा पर तैनात सैनिकों को काबू में रखें, इस मामले की गंभीरता से जांच करें और जिन सैनिकों ने भी वार्निंग शॉट्स फायर किए हैं उनको सजा दें और ये भी सुनिश्चित करें कि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।"
आपको बता दें कि एलएसी के पास दोनों देशों के सैनिकों के बीच लंबे समय से तनाव बना हुआ है और दोनों ओर से सैन्य तथा कूटनीतिक स्तर पर स्थिति को सामान्य करने की कोशिश की जा रही है। हालांकि इस झड़प के बारे में भारत सरकार या सेना की तरफ से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। लेकिन न्यूज एजेंसी ने एएनआई ने भी सूत्रों के हवाले से ईस्टर्न लद्दाख सेक्टर में एलएसी के पास तनाव वाले इलाके में भारत-चीन के सैनिकों के बीच गोलीबारी का दावा किया है।












Click it and Unblock the Notifications