भारत ने बांग्लादेश को दिया झटका, रेडिमेड कपड़ों समेत इन प्रोडक्ट्स के आयात पर रोक, जानें किसे मिलेगा फायदा
India Bangladesh Trade: भारत सरकार ने बांग्लादेश के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए वहां से आने वाले कुछ वस्तुओं पर बंदरगाह प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है। व्यापार महानिदेशालय (DGFT) ने नई अधिसूचना जारी की है जिसमें रेडीमेड गारमेंट्स सहित कई वस्तुओं के आयात पर रोक लगाई गई है।
इसके साथ अब बांग्लादेश नेपाल और भूटान को छोड़कर किसी देश को भारत के रास्ते सामान नहीं भेज सकेगा। सरकार के इस फैसले से बांग्लादेशी कारोबारियों पर गहरा असर पड़ सकता है।

DGFT की अधिसूचना के अनुसार, अब बांग्लादेश से रेडीमेड कपड़ों (Readymade Garments) का आयात केवल दो बंदरगाहों न्हावा शेवा (महाराष्ट्र) और कोलकाता के माध्यम से ही किया जा सकेगा। इसका मतलब है कि देश के अन्य बंदरगाहों से इन वस्तुओं का आयात प्रतिबंधित रहेगा।
India Bangladesh Trade: किन वस्तुओं पर लगे हैं प्रतिबंध?
भारत ने बांग्लादेश से रेडिमेड कपड़ो के अलावा, फल-स्वाद युक्त और कार्बोनेटेड पेय, बेक्ड प्रोडक्ट, स्नैक्स, चिप्स और कन्फेक्शनरी प्रोडक्ट पर पोर्ट बैन लगाया है। इसके साथ ही ये वस्तुएं केवल पूर्वोत्तर भारत के राज्यों असम, मेघालय, त्रिपुरा के सीमावर्ती स्थानीय सीमा शुल्क चौकियों (LCS) के माध्यम से नहीं आ सकेंगी।
अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं में कॉटन यार्न वेस्ट, प्लास्टिक और पीवीसी से बनी तैयार वस्तुएं, डाई, प्लास्टिसाइजर, प्लास्टिक ग्रेन्युल्स और लकड़ी का फर्नीचर शामिल हैं।
India Bangladesh Trade: नेपाल और भूटान को मिली छूट
हालांकि, DGFT ने स्पष्ट किया है कि यह बंदरगाह प्रतिबंध केवल भारत में खपत के लिए आयात की जाने वाली वस्तुओं पर लागू होगा। बांग्लादेश से होकर नेपाल और भूटान के लिए भारत के रास्ते ट्रांजिट होने वाली वस्तुओं पर ये प्रतिबंध लागू नहीं होंगे। यह छूट भारत के अपने पड़ोसी देशों के साथ संतुलित व्यापारिक संबंध बनाए रखने की रणनीति का हिस्सा है।
India Bangladesh Trade: सरकार के इस फैसले भारत को कितना फायदा
सरकार का मानना है कि इस फैसले से घरेलू उत्पादकों को सस्ते और बड़े पैमाने पर आयात की प्रतिस्पर्धा से राहत मिलेगी। इससे उनके प्रोडक्शन और मार्केटिंग को बढ़ावा मिलेगा। इससे स्थानीय उद्योगों में रोजगार के नए अवसर बढ़ने की संभावना है। DGFT के अनुसार, इस तरह के प्रतिबंधों से देश की आर्थिक आत्मनिर्भरता को बल मिलेगा और विदेशी व्यापार संतुलन को भी बेहतर किया जा सकेगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम भारत की "मेक इन इंडिया" और "वोकल फॉर लोकल" नीतियों के अनुरूप है। यह न केवल बांग्लादेश से अत्यधिक और अनियंत्रित आयात को सीमित करेगा, बल्कि भारतीय उत्पादन क्षेत्र को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करने में भी मदद करेगा।
हालांकि, यह भी जरूरी होगा कि सरकार इन प्रतिबंधों के प्रभावों की समय-समय पर समीक्षा करे ताकि इससे जुड़े व्यापारिक लाभ और इससे पड़ने वाले असर को संतुलित किया जा सके।
DGFT द्वारा जारी यह नई नीति भारत के व्यापारिक हितों की सुरक्षा और घरेलू उत्पादन को प्रोत्साहन देने की दिशा में एक निर्णायक पहल है। आयात पर नियंत्रण के इस निर्णय से जहां देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी, वहीं छोटे और मध्यम उद्योगों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा में खड़े होने का अवसर भी प्राप्त होगा।












Click it and Unblock the Notifications