भारत ने दी हुर्रियत नेताओं से न मिलने की सलाह, पाक और हुर्रियत नेता अड़े
नई दिल्ली। एनएसए वार्ता से पहले भारत की ओर से पाकिस्तान को सलाह दी गई है कि पाक के एनएसए सरताज अजीज राजधानी दिल्ली में हुर्रियत नेताओं से मुलाकात न करें। लेकिन इस सलाह के बाद भी पाक और हुर्रियत नेता मुलाकात पर अड़े हैं। भारत का कहना है कि हुर्रियत नेताओं से मुलाकात ऊफा में तय हुए एजेंडे के खिलाफ है।

भारत के विदेश मंत्रालय की ओर से इस बाबत एक बयान जारी किया गया है। वहीं, अब इस्लामाबाद में एक उच्चस्तरीय बैठक हो रही है। बैठक में एनएसए सरताज अजीज के अलावा पाक सेना के कई आला अधिकारी भी शमिल हैं।
विदेश मंत्रालय का ट्वीट
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने ट्वीट में यह बात कही है। स्वरूप ने ट्वीट में कहा है कि एनएसए स्तर की बातचीत को लेकर भारत की ओर से पाकिस्तान को भेजे गए एजेंडे पर उन्हें 18 अगस्त को पुष्टि करने के लिए कहा है। विकास स्वरूप के मुताबिक भारत ने पाक को साफ कर दिया है कि हुर्रियत या फिर अलगाववादी नेताओं से मुलाकात एजेंडे के खिलाफ है।
मिलकर रहेंगे हुर्रियत नेताओं से
भारत के कड़े विरोध के बावजूद पाकिस्तान ने गुरुवार को कहा कि सरताज अजीज जब रविवार को बातचीत के लिए नई दिल्ली जाएंगे तो कश्मीरी अलगाववादियों से संपर्क किया जाएगा। भारत के साथ वार्ता में कश्मीर सहित सभी मुद्दों को उठाया जाएगा।
हुर्रियत नेताओं से मीटिंग नियमित मसला
पाकिस्तानी उच्चायोग ने सैयद अली शाह गिलानी और उमर फारूक सहित अन्य अलगाववादी नेताओं को पाकिस्तान के एनएसए सरताज अजीज के साथ मुलाकात करने के लिए आमंत्रित किया है जिस पर भारत ने नाखुशी व्यक्त की।
पाकिस्तान का कहना है कि ऐसी बैठकें होती रही हैं। पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने कहा है कि पाकिस्तान का हुर्रियत नेताओं के साथ विचार विमर्श ‘नियमित मामला' है और यह ‘लंबे समय' से होता रहा है।
अजीज से मिलने दिल्ली आएंगे हुर्रियत नेता
वहीं श्रीनगर में हुर्रियत नेताओं ने कहा है कि वह 23 अगस्त को दिल्ली आएंगे। हुर्रियत नेता मीरवाइज उमर फारुक और सैयद अली शाह गिलानी शाम चार बजे पाक उच्चायोग में सरताज अजीज से मुलाकात करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications