पाकिस्तानी मंत्री ने दी धमकी, कश्मीर पर जो देश करेगा भारत का समर्थन, उस पर दागेंगे मिसाइल
Recommended Video
नई दिल्ली- पाकिस्तान में इमरान खान सरकार के एक मंत्री ने कश्मीर को लेकर बेहद भड़काऊ बयान दिया है। इमरान के मंत्री अली अमीन गंडापुर ने धमकी दी है कि कश्मीर मसले पर भारत का साथ देने वाले देशों पर भी जंग की सूरत में पाकिस्तान मिसाइलों से हमला करेगा। गंडापुर ने भारत के साथ खड़े देशों को चेतावनी देते हुए कहा है कि कश्मीर के मुद्दे पर भारत का साथ देने वाले देशों को पाकिस्तान अपना दुश्मन समझेगा और उसके साथ वैसा ही बर्ताव करेगा, जैसा दुश्मन मुल्कों के साथ किया जाता है।

पाकिस्तान की तरफ से ये भड़कीला बयान पहले भी कई विवादित बयान दे चुके वहां के कश्मीर मामलों और गिलगित बाल्टिस्तान के संघीय मंत्री अली अमीन गंडापुर ने दिया है। उन्होंने कहा है कि, "जो भी देश कश्मीर पर भारत का समर्थन करेगा उसे पाकिस्तान का दुश्मन माना जाएगा; और अगर जंग हुई तो उस देश पर भी मिसाइलें दागी जाएंगी।" अमीन ने एक स्थानीय टेलीविजन को दिए एक इंटरव्यू में यह धमकी दी है। उन्होंने साफ तौर पर कहा है कि अगर कश्मीर को लेकर भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव जारी रहा तो पाकिस्तान को मजबूरन जंग शुरू करनी पड़ेगी और इसका खामियाजा उन देशों को भी निश्चत तौर पर भुगतना पड़ेगा, जो अभी भारत के साथ खड़े हैं।
इस बार इमरान के इस बड़बोले मंत्री का भड़काऊ बयान उस समय आया है जब यूरोपियन यूनियन के 47 सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल जम्मू-कश्मीर के दौरे पर गया हुआ है और वहां की हालातों का आंखों देखी जायजा ले रहा है।
गंडापुर का यह बयान वायरल हो चुका है और लोग इसे गैरजिम्मेदाराना बताकर इसकी कड़ी आलोचना कर रहे हैं। हाल ही में गंडापुर ने कश्मीर मसले पर दुनिया भर के देशों पर चुप्पी साधने का आरोप लगाते हुआ धमकाया था कि जिस तरह से भारत और पाकिस्तान में इसको लेकर तनाव जारी है, वह जंग की शक्ल भी अख्तियार कर सकता है।












Click it and Unblock the Notifications