दरियादिली: IIT बॉम्बे को मिला 160 करोड़ रुपये का चेक, दान देने वाले ने नहीं बताया अपना नाम
सोशल मीडिया के इस दौर में अगर कोई 100 रुपये का भी दान करता है, तो वो दुनियाभर को बता देता है, लेकिन अब एक अनोखा मामला सामने आया है। किसी शख्स ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) बॉम्बे को 18.6 मिलियन अमेरिकी डॉलर का दान दिया है। भारत के हिसाब से ये 160 करोड़ रुपये के आसपास होगा।
हैरानी की बात ये है कि ये दान पूरी तरह से गुप्त है। किसी को भी उस शख्स का नाम नहीं बताया गया। बस इतना बताया गया है कि दान देने वाला शख्स आईआईटी बॉम्बे का पूर्व छात्र है और वो गुमनाम रहना चाहता है। इसके अलावा आईआईटी बॉम्बे को पहली बार इतना बड़ा अज्ञात दान मिला है।

अच्छी बात ये है कि इस पैसे से आग्रीन एनर्जी एंड सस्टेनेबिलिटी रिसर्च हब स्थापित किया जाएगा। आईआईटी मैनेजमेंट के मुताबिक ये हब पवई में आईआईटी बॉम्बे परिसर में एक अत्याधुनिक शैक्षणिक भवन के अंदर स्थित होगा। इसके जरिए जलवायु परिवर्तन के जोखिमों आदि का मूल्यांकन किया जाएगा। साथ ही उसको लेकर रणनीति बनाने पर काम होगा।
वित्तीय संकट के बीच मिला दान
वहीं दूसरी ओर आईआईटी बॉम्बे में कुछ वित्तीय संकट है, जिस वजह से वो उच्च शिक्षा वित्तीय एजेंसी (HEFA) से लोन ले रहा। ऐसे में ये दान और ज्यादा अहम हो गया है। अभी इस फंड का इस्तेमाल बुनियादी ढांचे के निर्माण में होगा, जबकि रिसर्च के लिए बड़ा हिस्सा अलग से रखा जाएगा।
डायरेक्टर ने क्या कहा?
मामले में आईआईटी बॉम्बे के डायरेक्टर सुभासिस चौधरी ने कहा कि इस हब की स्थापना अत्याधुनिक रिसर्च, उस विषय पर सहयोग को बढ़ावा देने और जलवायु चुनौतियों से निपटने के लिए किया जाएगा। ये इस बात का भी प्रमाण है कि सामूहिक प्रयासों से भविष्य के लिए एक स्थायी मार्ग प्रशस्त किया जा सकता है। दान करने वाले ने अपने नाम गुप्त रखने का आग्रह किया था, जिसका पालन किया गया। संस्थान ने दिल से उनका आभार जताया है।












Click it and Unblock the Notifications