सदन की कार्यवाही स्थगित होने पर सदस्यों को ना मिले उस दिन का भत्ता: आप
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी ने मांग की है कि जिस दिन सदन ना चले, उस दिन भत्तों का लाभ सांसदों को ना दिया जाए। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्यों ने राज्यसभा के सभापति एम. वेंकैया नायडू को बुधवार को पत्र लिखकर ये मांग की है। आप सांसदों ने लगातार तीन दिनों से सदन की कार्यवाही स्थगित होने का हवाला देते हुए मांग की है कि संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही नहीं चलने पर सदस्यों को उस दिन का भत्ता नहीं दिया जाए। आप सांसद संजय सिंह ने इसको लेकर एम. वेंकैया नायडू को खत लिखा है। इस खत पर संजय सिंह के अलावा आप के दूसरे सांसदों एन. डी. गुप्ता और सुशील गुप्ता के भी दस्तखत हैं।

आप सांसद ने खत में कहा है कि देश की जनता चाहती है कि सदन में उनके मुद्दों पर चर्चा हो और उनकी परेशानियों को लेकर समाधान निकले लेकिन हंगामे के चलते कई-कई दिन तक तीन संसद की कार्यवाही ठप रहती है। खत में बजट सत्र के दूसरे चरण में शुरुआती तीन दिन में संसंद में काम ना हो पाने का जिक्र करते हुए कहा गया है कि अगर सदस्य बहस में शामिल ही नहीं रहे हैं, तो फिर उन्हें उस दिन के भत्ते नहीं लेने चाहिएं। संजय सिंह ने पत्र में कहा है कि बिना कार्यवाही वाले दिन सांसदों का जनता के पैसे से वेतन लेना गलत है। ऐसे में उन्होंने सभापति से अनुरोध किया है कि जिस दिन सदन की कार्यवाही न हो उस दिन सदस्यों को मिलने वाला भत्ता न दिया जाए।












Click it and Unblock the Notifications