पीएम मोदी ने हटाया सस्पेंस से पर्दा, सोशल मीडिया छोड़ने को लेकर दी ये जानकारी
नई दिल्ली। सोशल मीडिया छोड़ने के ऐलान के बाद पीएम मोदी का पहला ट्वीट आया है। पीएम मोदी ने ट्वीट कर ये ऐलान किया है कि महिला दिवस के दिन वो प्रेरणा देने वाली महिलाओं को ट्विटर अकाउंट समर्पित करेंगे। ये सिर्फ उसी दिन के लिए होगा। बता दें कि पीएम ने सोमवार को एक ट्वीट कर कहा था कि वह सोशल मीडिया छोड़ने की सोच रहे हैं। उल्लेखनीय है कि 8 मार्च को महिला दिवस है।

पीएम ने ट्वीट कर कहा, 'इस महिला दिवस के दिन मैं अपना सोशल मीडिया अकाउंट ऐसी महिलाओं को देना चाहता हूं, जिसकी जिंदगी और काम हमें प्रभावित करता हो। इससे वे लाखों लोगों को प्रेरित कर सकेंगी। पीएम ने आगे लिखा है, 'अगर आप ऐसी महिला हैं या फिर आप ऐसी महिलाओं को जानते हैं तो आप #SheInspiresUs के साथ हमें ऐसी कहानियां बताएं। इसके साथ ही पीएम मोदी ने जानकारी दी है कि ये अकॉउंट संभालने के लिए महिलाओं को उनकी प्रेरित करने वाली कहानी के आधार पर चुना जाएगा।
यानी अगर आप एक महिला हैं जिसने जीवन में प्रेरित करने वाला काम किया है तो वे इसे साझा कर एंट्री दे सकती हैं। #SheInspiresUs के साथ उसे फेसबुक पर पोस्ट करें। चुनी गई एक महिला को ये अवसर दिया जाएगा। प्रधानमंत्री के इस ट्वीट के बाद से अब इस बात पर कयासबाजी शुरू हो गई है कि एक दिन के लिए पीएम मोदी का ट्विटर हैंडल किसको मिलेगा।
सोमवार को क्या किया था पीएम मोदी ने ट्वीट
इससे पहले मोदी ने सोमवार रात 8.56 बजे एक चौंकाने वाला ट्वीट किया था। उन्होंने लिखा था, ''सोच रहा हूं कि इस रविवार फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यू-ट्यूब से हट जाऊं। इस बारे में आपको बताऊंगा।'' मोदी के ट्विटर पर 5.33 करोड़, फेसबुक पर 4.46 करोड़, इंस्टाग्राम पर 3.52 करोड़ और यू-ट्यूब पर 45 लाख फॉलोअर्स हैं।












Click it and Unblock the Notifications