राहुल की दोस्ती, आरएसएस के बुलावे, साइकिल के गियर पर क्या बोले अखिलेश यादव, पढ़ें
नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने पीएम नरेंद्र मोदी कटाक्ष करते हुए कहा कि उद्योगपति क्यों देश छोड़कर जा रहे हैं? 35 हजार उद्योगपति देश छोड़कर चले गए। जो पैसे लेकर चले गए, उनके बारे में सरकार कोई जवाब सरकार नहीं दे पा रही है। इंडिया टुडे ग्रुप के कार्यक्रम 'माइंड रॉक्स' में अखिलेश यादव ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी भी यूपी से आते हैं और वह शिलान्यास का ही शिलान्यास कर देते हैं।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि वह कोरिया के पीएम को जिस मेट्रो में लेकर नोएडा गए थे, वह हमने बनाई। जिस सैमसंग कंपनी का उद्घाटन किया, उसकी शुरुआत हमने की। पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के सवाल पर अखिलेश यादव ने अपील करते हुए कहा कि युवा सपा को वोट दें, क्योंकि साइकिल चलाने के लिए पेट्रोल-डीजल की जरूरत नहीं पड़ती है। साइकिल में लेफ्ट-राइट दोनों साइड गियर हो सकते हैं। हमने गरीबों के लिए साइकिल ट्रैक बनाए और अमीरों के लिए एक्सप्रेस-वे भी बनाया।
अखिलेश यादव ने यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ पर भी राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के नतीजे देखिए, यहां मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री को अपने ही इलाके में हार का सामना करना पड़ा। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि बीजेपी ने न तो नौकरियां दीं और छात्रों को लैपटॉप देना भी बंद कर दिया।
अखिलेश यादव ने आरएसएस के कार्यक्रम में जाने के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि सरदार पटेल की ओर से संघ पर बैन लगाने की बात पढ़ने के बाद वहां जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा हूं। अखिलेश यादव ने कहा कि सरदार पटेल की ओर से संघ पर लगाए गए बैन के बारे में सभी को पढ़ना चाहिए, इससे आरएसएस को समझने में मदद मिलेगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि जनता को पकौड़ावाला और एक्सप्रेस-वे में से एक को चुनना है। अखिलेश यादव से कार्यक्रम में राहुल गांधी पर भी सवाल पूछा गया। इसके जवाब में अखिलेश यादव भविष्य के गठबंधन के बारे में तो बात को टाल गए, लेकिन इतना जरूर कहा कि वह जब किसी को दोस्त बनाते हैं तो जिंदगी भर के लिए बनाते हैं।












Click it and Unblock the Notifications