सिर्फ कहता नहीं, करके दिखाता हूं : मोदी

I guarantee future of India's youth, says Modi in Varanasi
वाराणसी (राजा तालाब)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने यहां शुक्रवार को कहा कि वह लोगों के सामने सिर्फ वादे नहीं, बल्कि इरादे लेकर आए हैं। उन्होंने कहा, "मैं सिर्फ कहता नहीं हूं, बल्कि करके दिखाता हूं।" गुजरात के मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि 2014 का चुनाव देश की जनता लड़ेगी। वाराणसी में शंखनाद रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि चुनाव से पहले इस तरह का माहौल उन्होंने पहले कभी नहीं देखा था। उन्होंने कहा कि भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में शायद यह पहली घटना है जब देश की जनता मौजूदा केंद्र सरकार को उखाड़ फेंकने को उतावली है।

मोदी ने कहा कि 2014 का चुनाव किसी व्यक्ति के नेतृत्व में नहीं लड़ा जाएगा, बल्कि देश की जनता लड़ेगी।

प्रधानमंत्री पद के दावेदार ने गंगा की सफाई पर केंद्र सरकार से हिसाब मांगा। उन्होंने कहा कि विदेशों में जब-जब भारत की चर्चा होती है, गंगा मइया की चर्चा होती है। मोदी बोले, "औरों के लिए गंगा केवल एक नदी हो सकती है, लेकिन मेरे लिए यह मां है।"

गंगा की सफाई की योजनाओं पर केंद्र सरकार की चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा कि न जाने कितनी योजनाएं बनीं, समितियां बनीं, राशि आवंटित हुई, लेकिन सब कुछ भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया।

मोदी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी से लेकर आज तक गंगा की सफाई के नाम पर जनता को केवल मूर्ख बनाया गया। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह देश की जनता को जवाब दें कि गंगा शुद्धिकरण के नाम पर सरकारी तिजोरी से जो हजारों करोड़ रुपये निकाले गए, वे कहां खर्च हुए और किस-किस के लिए हुए।

उन्होंने कहा, "मैं सिर्फ कहता नहीं, बल्कि करके दिखाता हूं। लोग पूछते हैं कि मोदी क्या करेंगे, तब मैं कहता हूं कि कांग्रेस सरकार ने गंगा के लिए कुछ नहीं किया, लेकिन मुझे मौका मिला तो जरूर करूंगा, क्योंकि हम जो कहते हैं वह करके दिखाते हैं।"

लोगों को गुजरात आने का न्योता देते हुए मोदी ने कहा, "आप अहमदाबाद आकर महात्मा गांधी के नाम से जुड़ी साबरमती को देखें। यदि साबरमती नदी की किस्मत बदल सकती है तो गंगा को भी शुद्ध किया जा सकता है।"

मोदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के किसान इतने सक्षम हैं कि वे पूरे यूरोप का पेट भर सकते हैं। उन्होंने याद दिलाया, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री ने जब 'जय जवान, जय किसान' का नारा दिया था तब किसानों ने देश का अनाज भंडार भर दिया था।

कांग्रेस और उसके उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए मोदी ने कहा कि जब चुनाव आता है तो कांग्रेस 'गरीब-गरीब' की माला जपने लगती है, लेकिन यह गौर करने की बात है कि इस देश को 'एक परिवार' ने ही तबाह कर दिया।

उन्होंने रैली में आए लोगों से प्रश्न किया, "क्या चाय बेचना गुनाह है? केंद्र सरकार को सर्मथन दे रही एक पार्टी के नेता ने कहा कि मोदी तो चाय बेचता था..लेकिन वे जान लें, हमें चाय बेचना मंजूर है देश बेचना नहीं।" उन्होंने कहा कि यदि जनता चाहे तो खेत में मजदूरी करने वाला और फुटपाथ पर जूता बनाने वाला भी देश का प्रधानमंत्री बन सकता है।

वाराणसी के साड़ी उद्योग की गिरती हालत के लिए केंद्र व राज्य की सरकारों को जिम्मेदार ठहराते हुए उन्होंने कहा कि यहां की साड़ियां स्त्रियों की इज्जत तो ढकती ही हैं, मगर इस उद्योग को मजबूत किया जाए तो ये साड़ियां देश की आर्थिक लाज भी ढक सकती हैं। इसी सिलसिले में उन्होंने सूरत में पावरलूम को दी गई उच्च तकनीक का भी जिक्र किया।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+