Lok Sabha Election 2024: हैदराबाद में माधवी लता से जुड़े विवादों में ही बीजेपी को दिख रही है ओवैसी की हार?
Hyderabad Lok Sabha Election 2024: हैदराबाद लोकसभा सीट पर माधवी लता की उम्मीदवारी ने बीजेपी नेताओं को काफी उत्साहित कर रखा है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने दावा किया है कि इस बार हैदराबाद में असदुद्दीन ओवैसी को हराकर उनकी पार्टी इतिहास बनाएगी।
बता दें कि भाजपा की तेज-तर्रार प्रत्याशी माधवी लता पर रामनवमी के मौके पर मस्जिद की ओर इशारों में 'काल्पनिक तीर चलाने' का आरोप लगा है। इस मामले में उनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज हो चुकी है।

हैदराबाद में ओवैसी को हराकर इतिहास रचेगी बीजेपी- पीयूष गोयल
बीजेपी को शायद लग रहा है कि इस तरह के विवादों की वजह से माधवी लता की मतदाताओं में लोकप्रियता और बढ़ रही है। क्योंकि, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को दावा किया है कि हैदराबाद में एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी को हराकर भारतीय जनता पार्टी इतिहास बनाने जा रही है।
गोयल ने कहा है, 'तेलंगाना की जनता पीएम मोदी के नेतृत्व में 'विकसित भारत' बनाने के लिए एक मजबूत, निर्णायक और ईमानदार सरकार बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। हम तेलंगाना के लोगों को भरोसा दिलाना चाहते हैं कि अगर वे हमारे साथ रहे तो प्रदेश और देश मिलकर विकसित होंगे। हम हैदराबाद सीट ओवैसी को हराकर जीतेंगे और इतिहास रचेंगे।'
माधवी लता की उम्मीदवारी से चर्चा में है हैदराबाद सीट
हैदराबाद में इस बार बीजेपी ने माधवी लता को उम्मीदवार बनाकर इस सीट की ओर पूरे देश का ध्यान खींच लिया है। यह लोकसभा क्षेत्र ओवैसी का गढ़ माना जाता है।
माधवी लता उसी पुराने हैदराबाद से ताल्लुक रखती हैं, जहां से ओवैसी हैं और समाजसेवी होने की वजह से वह क्षेत्र में पहले से ही काफी लोकप्रिय रही हैं। उनकी उम्मीदवारी की वजह से ओवैसी के लिए यह सबसे मुश्किल चुनाव माना जा रहा है।
बीजेपी प्रत्याशी से गले मिलने वाली पुलिस अधिकारी सस्पेंड
उनकी वजह से यह सीट इस बार किसी न किसी वजह से चर्चा में रह रही है। माधवी लता जहां भी जाती हैं, लोग उन्हें सुनने के लिए खींचे आ रहे हैं। इसी चक्कर में एक महिला पुलिस अधिकारी भी नप गई हैं।
उमा देवी पर आरोप है कि उन्होंने एक चुनावी सभा के दौरान वर्दी में होते हुए भाजपा प्रत्याशी को गले लगा लिया। एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें साइदाबाद की एएसआई को लता से हाथ मिलाते और गले मिलते देखा जा रहा है। इस घटना के बाद उस पुलिस अधिकारी को आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के आरोपों में सस्पेंड कर दिया गया है।
हैदराबाद लोकसभा क्षेत्र के अंदर 7 विधानसभा हैं, जिसमें गोशामहल से भाजपा के फायरब्रांड नेता टी राजा सिंह एमएलए हैं। अन्य सभी सीटें एआईएमआईएम के कब्जे में है। शहर की दूसरी लोकसभा सीट सिकंदराबाद है। दोनों जगहों पर 13 मई को चुनाव होने हैं और 4 जून को परिणाम आएंगे।












Click it and Unblock the Notifications