'मीडिया में कैसे लीक हुआ वो शपथ पत्र...?' महुआ मोइत्रा के ट्वीट से मामले में आया नया मोड़
Darshan Hiranandani Mahua Moitra: तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा संसद में सवाल पूछने के बदले एक बिजनेसमैन से कैश और गिफ्ट लेने के आरोपों को लेकर इन दिनों घिरी हुई हैं और मामला लोकसभा की आचार समिति तक पहुंच गया है।
शुक्रवार को लोकसभा आचार समिति के अध्यक्ष विनोद सोनकर ने इस बात की पुष्टि की, कि उन्हें बिजनेसमैन दर्शन हीरानंदानी का लेटर मिला है और जरूरत पड़ने पर वो महुआ मोइत्रा को समन करेंगे। इस बीच महुआ मोइत्रा ने भी विनोद सोनकर पर मामले को मीडिया में ले जाने को लेकर निशाना साधा है।

महुआ मोइत्रा ने एक्स (ट्विटर) पर ट्वीट करते हुए लिखा, 'लोकसभा आचार समिति के अध्यक्ष मीडिया में खुलकर बात करते हैं। कृपया लोकसभा के नियम पढ़िए। वो शपथ पत्र मीडिया तक कैसे पहुंच गया? आचार समिति के अध्यक्ष को पहले इस बात की जांच करानी चाहिए कि ये शपथ पत्र लीक कैसे हो गया। मैं फिर से बोलती हूं कि भाजपा का सिंगल पॉइंट एजेंडा मुझे लोकसभा से बाहर निकलवाने का है ताकि अडानी के मुद्दे पर वो मेरी आवाज को दबा सकें।'
'सुर्खियों में रहने के लिए अडानी पर हमला बोलती हैं महुआ'
आपको बता दें कि लोकसभा की आचार समिति के पास पहुंचे शपथ पत्र में बिजनेसमैन दर्शन हीरानंदानी ने इस बात को स्वीकार किया है कि उन्होंने महुआ मोइत्रा का संसद लॉगिन एक्सेस हासिल करने और लोकसभा में सवाल पूछने के बदले उन्हें रिश्वत दी थी। इसके साथ ही हीरानंदानी ने ये भी आरोप लगाया कि महुआ मोइत्रा खुद को खबरों में रखने के लिए अडानी ग्रुप के ऊपर ज्यादा हमलावर रहती हैं।
गौरतलब है कि सबसे पहले भारतीय जनता पार्टी के सांसद निशिकांत दुबे ने इस मामले को उठाया और महुआ मोइत्रा के ऊपर संसदीय विशेषाधिकार का उल्लंघन, आपराधिक साजिश और सदन की अवमानना करने का आरोप लगाया। वहीं, महुआ मोइत्रा का कहना है कि भाजपा अडानी के मुद्दे पर उनकी आवाज को दबाना चाहती है और इसलिए साजिश के तहत ये सब आरोप लगा रही है।












Click it and Unblock the Notifications