त्रिपुरा में नहीं टूटी कोई मस्जिद, सोशल मीडिया पर वायरल खबर फर्जी: गृह मंत्रालय
नई दिल्ली, 13 नवंबर: त्रिपुरा में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। वहां की घटना के विरोध में महाराष्ट्र में भी शुक्रवार को बंद का आह्वान किया गया था। जिसके बाद अमरावती, नांदेड़ और मालेगांव में हिंसा हुई। अब सोशल मीडिया पर खबर वायरल हो रही कि त्रिपुरा में एक मस्जिद को नुकसान पहुंचाया गया है। जिससे लोगों में गुस्सा भड़क रहा था। जिस वजह से गृह मंत्रालय को मामले में सफाई जारी करनी पड़ी।

गृह मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि त्रिपुरा के गोमती जिले में एक मस्जिद के क्षतिग्रस्त होने और तोड़फोड़ के बारे में सोशल मीडिया में फैलाई जा रही खबर फर्जी है। तथ्यों को पूरी तरह से गलत तरीके से पेश किया गया है। लोगों को शांत रहना चाहिए और ऐसी खबरों से गुमराह नहीं होना चाहिए। वहां पर किसी शख्स के साथ मारपीट नहीं हुई है, ना ही किसी महिला के साथ बलात्कार हुआ। उदाहरण के लिए महाराष्ट्र में त्रिपुरा के बारे में फर्जी खबरों के आधार पर हिंसा और आपत्तिजनक बयानों की खबरें आई हैं जिनका उद्देश्य शांति और सद्भाव को बिगाड़ना है। ऐसे में सभी शांति बनाए रखें।
अमरावती में हिंसा
आपको बता दें कि महाराष्ट्र के अमरावती शहर में त्रिपुरा की घटना के खिलाफ बंद का आह्वान किया गया था। जिसके बाद दूसरे समुदाय ने शनिवार को बंद का आयोजन किया। जिसमें कुछ दुकानों में तोड़फोड़ और पथराव की खबर है। इसके अलावा सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरह की अफवाहें फैलाई जा रही हैं। जिस वजह से इंटरनेट सेवाओं को बंद कर दिया गया।
ऐसे शुरू हुआ मामला
दुर्गा पूजा के वक्त बांग्लादेश में बहुत से हिंदू मंदिरों को निशाना बनाया गया। जिसके बाद हिंसा हुई और कई लोग मारे गए। आरोप है कि इसी हिंसा के विरोध में त्रिपुरा में भी प्रदर्शन किया गया। उस दौरान कुछ मस्जिदों में तोड़फोड़ की गई, हालांकि त्रिपुरा पुलिस और सरकार ने साफ कर दिया था कि किसी भी धार्मिक स्थल को नुकसान नहीं पहुंचा है।


Click it and Unblock the Notifications
