Assam Flood: केंद्र ने किया असम को मदद का वादा, बाढ़ से करीब 5 लाख लोग प्रभावित
Assam Flood: पूर्वोत्तर राज्य असम में भारी बारिश के बाद बाढ़ जैसी स्थिति हो चुकी है। बाढ़ा का जायजा लेने के लिए खुद मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ग्राउंड जीरो पर मौजूद हैं। इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को असम के लिए मदद का वादा किया।
गृहमंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर कहा, "भारी बारिश के कारण असम के कुछ हिस्सों में लोग बाढ़ जैसी स्थिति का सामना कर रहे हैं। मैंने सीएम असम से बात की है और हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है।"

उन्होंने आगे कहा कि राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की टीमें असम में बचाव और राहत अभियान चला रही हैं, जबकि पर्याप्त बलों को स्टैंडबाय पर रखा गया है। इधर, गुवाहाटी में मीडिया से बात करते हुए सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि आज सुबह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुझे फोन किया और असम की बाढ़ की स्थिति के बारे में जानकारी ली।
सीएम ने बताया कि उनका कहना है कि NDRF को स्टैंडबाय पर रखा गया है। उन्होंने कहा कि मैंने सभी को राहत और बचाव अभियान में असम सरकार को पूर्ण समर्थन देने का निर्देश दिया है। मैंने उन्हें बताया कि अब तक स्थति नियंत्रण में है, हालांकि कुछ नदियां खतरे की रेखा से ऊपर बह रही हैं। हम स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं।
आपको बता दें कि असम में बाढ़ की स्थिति बिगड़ती जा रही है, जहां बक्सा, बारपेटा, दरांग, धुबरी, गोलपारा, कामरूप और लखीमपुर जिलों सहित नौ जिलों में 4.88 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। बाढ़ ने तीन लोगों की जान भी गई है।
हालांकि, कुछ इलाकों में पानी कम होना शुरू हो गया है। नौ जिलों में कुल 101 राहत शिविर स्थापित किए गए हैं, जिनमें 81,000 से अधिक लोगों को आश्रय दिया गया है। नदियों का जल स्तर और बढ़ने की संभावना है, क्योंकि मौसम विभाग ने विभिन्न क्षेत्रों में अधिक वर्षा और आंधी की चेतावनी दी है।












Click it and Unblock the Notifications