सात दिन के अंदर शांति बहाली के लिए क्या है राजनाथ सिंह का 'कश्मीर प्लान'
नई दिल्ली। भारत के केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कश्मीर में शांति बहाल करने के लिए सुरक्षाबलों से कहा है कि हिंसा करने के लिए युवाओं को उकसाने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करे। राजनाथ ने सात दिन अंदर कश्मीर के हालात सामान्य करने के निर्देश दिए हैं।

देश के टॉप सुरक्षा अधिकारियों के साथ बैठक
रविवार को गृह मंत्री ने देश के टॉप सुरक्षा अधिकारियों के साथ बैठक में इस मुद्दे पर विचार विमर्श किया। इस मीटिंग में भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोवाल भी शामिल थे।
'उकसाने वालों को पकड़ो'
गृह मंत्री ने कहा कि सुरक्षाबल उन लोगों को पकड़े जो घाटी के युवाओं को हिंसा में झोंक रहे हैं। युवाओं को उकसाकर घाटी का माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई करे।
सात दिन अंदर बहाल हो शांति
गृह मंत्री ने निर्देश दिया कि सात दिन के कश्मीर के हालात पटरी पर लाएं ताकि स्कूल के साथ अन्य शिक्षा के संस्थानों में कामकाज फिर से सामान्य तरीके से हो सके। लंबे समय से चल रही इस हिंसा से सबसे ज्यादा प्रभावित विद्यार्थी हुए हैं। कश्मीर में बंद पड़े दुकानों, बाजारों और शॉपिंग कॉम्प्लेक्सेस को फिर से खुलवाने के प्रयास किए जाने चाहिए।
सुरक्षा अधिकारियों ने गृह मंत्री को कश्मीर घाटी की स्थिति और सीमा के बारे जानकारी दी और यह बताया कि जम्मू कश्मीर के हालात सामान्य बनाने के लिए क्या क्या कदम उठाए जा रहे हैं।
रविवार को आतंकियों से पुलिस की मुठभेड़
रविवार को पूंछ इलाके में हुए मुठभेड़ और घुसपैठ की घटना के बाद कश्मीर में सुरक्षा की स्थिति पर भी गृह मंत्री ने अधिकारियों से चर्चा की।
8 जुलाई से हिंसा से जूझ रहा कश्मीर
8 जुलाई को पुलिस मुठभेड़ में हिज्बुल आतंकी बुरहान वानी के मारे जाने के बाद कश्मीर में जो हिंसा शुरू हुई वह अब तक जारी है। इस हिंसा में अब तक लगभग 80 लोग मारे जा चुके हैं। विरोध प्रदर्शनकारियों के साथ झड़प में कई सुरक्षाबलों के साथ लगभग 10,000 लोग घायल हो चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications